
Rajasthan BJP: जयपुर। प्रदेश भाजपा की धीमी गति से चल रही संगठन चुनाव प्रक्रिया को लेकर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक सभी मंडलों के अध्यक्ष घोषित नहीं किए जाते तब तक जिलाध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव नहीं कराए जा सकते।
उन्होंने सभी जिलों के मंडल अध्यक्षों की चुनाव प्रक्रिया पांच दिन में पूरी करने के लिए कहा है। अभी प्रदेश संगठन के 35 जिलों में मंडल अध्यक्ष घोषित किए गए हैं, इनमें भी दर्जनभर जिलों के आधे ही मंडल अध्यक्ष बनाए जा सके हैं।
पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में संतोष ने प्रदेश के संगठन चुनाव पदाधिकारियों को स्पष्ट किया कि पचास फीसदी का फार्मूला ठीक नहीं है, जिसमें आधे-आधे मंडलों की घोषणा के बाद जिलाध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव करा लिया जाए। उन्होंने कहा कि चाहे समय लग जाए, लेकिन पहले सभी मंडल अध्यक्ष घोषित किए जाएं। अभी करीब 1000 मंडलों में अध्यक्ष चुने जाने हैं।
बैठक में राष्ट्रीय मंत्री एवं सदस्यता प्रभारी रितुराज सिन्हा, पूर्व अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, संगठन पर्व प्रदेश संयोजक नारायण पंचारिया और सक्रिय सदस्यता अभियान के प्रमुख ओंकार सिंह लखावत के अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पर्यवेक्षक मौजूद थे।
बैठक के बाद संतोष ने पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की।
भाजपा प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल ने कहा कि संविधान गौरव अभियान के माध्यम से कांग्रेस ने 60 साल में किस प्रकार संविधान से छेड़छाड़ की और बाबा भीमराव आंबेडकर को प्रताड़ित किया, यह जनता को बताया जाएगा।
Updated on:
13 Jan 2025 07:31 am
Published on:
13 Jan 2025 07:30 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
