
दीपशिखा वशिष्ठ / जयपुर . जवाहर सर्किल थाने में 15 दिन पहले जब्त बाइक के पार्ट्स चुराने वाले चोरों का पता नहीं लगा वहीं अब थाने से बाइक ही चोरी हो गई। पुलिस ने घाटगेट निवासी परवेज को एक फरवरी को बिना हेलमेट बाइक चलाते हुए पकड़ा था। बाइक के दस्तावेज नहीं मिलने पर उसे जब्त कर थाने पर खड़ा करवा दिया गया। पीडि़त छह फरवरी को कोर्ट से बाइक का रिलीज ऑर्डर लेकर पहुंचा। जब उसने बाइक संभाली तो वह नहीं मिली। घटना के सम्बंध में मालखाना एलसी ने मामला दर्ज करवाया है। एफआईआर दर्ज कर पुलिस अब बाइक की तलाश कर रही है। इससे पहले भी 8 फरवरी को शराब पीकर वाहन चलाने पर एक बाइक जब्त की गई थी। जगतपुरा बंशीपुरी निवासी वाहन मालिक कोर्ट से रिलीज ऑडर लेकर पहुंचा तो बाइक की बैट्री और प्लग गायब मिले।
एफआईआर में लगाए 14 दिन
गाड़ी छुड़ाने आने वाले दिन 6 फरवरी को ही पुलिस को बाइक चोरी की जानकारी मिल गई थी। इसके बाद भी पुलिस 14 दिन तक थाना परिसर से बाइक चोरी होने की रिपोर्ट लिखने से बचती रही। दो सप्ताह बीत जाने पर भी पुलिस बाइक तलाश नहीं कर पाई तब जाकर मामला दर्ज करवाया गया।
हर महीने 40 वाहन चोरी
जयपुर कमिश्नरेट क्षेत्र के थानों में जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र वाहन चोरी में सबसे अव्वल है। जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र से हर महीने वाहन चोरी की 40 वारदात होती हैं। 2017 में थाना क्षेत्र में 478 वाहन चोरी हुए हैं। वहीं इस साल डेढ़ महीने में करीब 60 से अधिक वाहन चोरी हो चुके हैं।
सामुदायिक भवन में थाना
पुलिस ने 2008 में सामुदायिक भवन में जवाहर सर्किल थाने की स्थापना की थी। थाने को अभी तक भवन नहीं मिल पाया है। यहां पर जब्त वाहनों को पार्क में खड़ा किया जाता है।
मालवीय नगर में हुई थी कार चोरी
करीब दो महीने पहले मालवीय नगर थाने में चोरी की रिपोर्ट लिखवाने आए व्यक्ति की थाने के बाहर से चोर कार चुराकर ले गए थे। व्यक्ति जब चोरी की रिपोर्ट लिखवाकर थाने के बाहर आया तो उसे कार गायब मिली।
Published on:
20 Feb 2018 10:07 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
