जयपुर @ पत्रिका . Jan Samman Video Contest: जन सम्मान वीडियो कॉन्टेस्ट में पहले दिन का एक लाख रुपए का प्रथम पुरस्कार सोमवार को सवाई माधोपुर जिले के गजेन्द्र ने जीत लिया। उन्होंने करीब दो मिनट के वीडियो में चिरंजीवी, पेंशन व गैस सिलेंडर योजना सहित महंगाई राहत कैंप में शामिल सभी 10 योजनाओं के फायदे बताए। वीडियो कॉन्टेस्ट में प्रदेश के सभी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में वीडियो प्राप्त हो रहे हैं और लोग विशेषकर युवा वर्ग बढ़-चढ़ कर इस कॉन्टेस्ट में हिस्सा ले रहे हैं। यह प्रतियोगिता हर दिन 6 अगस्त तक जारी रहेगी।
कॉन्टेस्ट में नागौर के महेन्द्र दूसरा स्थान पर रहे हैं, उन्होंने पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपए जीते हैं। इसी प्रकार जालोर के जितेन्द्र ने तीसरा स्थान प्राप्त कर 25 हजार रुपए का पुरस्कार जीता है। साथ ही प्रदेश के 100 प्रतिभागियों ने 1000-1000 रुपए के सांत्वना पुरस्कार प्राप्त किए हैं। राज्य सरकार ने अपनी योजनाओं को प्रदेश के हर जरूरतमंद तक पहुंचाने के संकल्प को साकार करते हुए यह प्रतियोगिता आयोजित की है।