
फाइल फोटो
Rajasthan CNG Gas Price : जयपुर। राजस्थान सरकार के उपक्रम राजस्थान स्टेट गैस ने कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) सहित उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जाने वाली डीपीएनजी, सीपीएनजी, आईपीएनजी प्राकृतिक गैस की दरों में कमी कर सभी वर्ग के आम उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। अब राजस्थान स्टेट गैस के सीएनजी स्टेशनों पर आम लोगों को सीएनजी गैस 2.12 रुपए प्रति किलोग्राम सस्ती उपलब्ध होगी। नई दरें गुरुवार रात 12 बजे से लागू हो जाएगी।
सचिव माइंस एवं चेयरमेन आरएसजीएल टी. रविकान्त ने बताया कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने बुधवार को विधानसभा में वित एवं विनियोग विधेयक पर चर्चा का जवाब देते हुए सीएनजी पीएनजी की वेट दर 10 प्रतिशत से घटाकर 7.5 प्रतिशत करने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के उपक्रम आरएसजीएल ने गुरुवार रात 12 बजे से नई दरें लागू करने का निर्णय करते हुए आम नागरिकों को राहत प्रदान कर दी है।
राजस्थान स्टेट गैस के प्रबंध निदेशक रणवीर सिंह ने बताया कि आरएसजीएल की ओर से जारी नई दरों के अनुसार अब कोटा में आम नागरिकों को कंप्रेस्ड नेचुरल गैस सीएनजी में 2.12 रुपए प्रति किलो की राहत देते हुए अब 91.09 रुपए प्रति किलोग्राम पर उपलब्ध होगी।
इसी तरह से घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस डीपीएनजी में 1.25 रुपए की राहत देते हुए 49.35 रुपए प्रति एससीएम, व्यावसायिक पाइप्ड नेचुरल गैस सीपीएनजी में 1.50 रुपए की राहत देते हुए 64.50 रुपए प्रति एससीएम, औद्योगिक पाइप्ड नेचुरल गैस आइपीएनजी में 1.41 रुपए की राहत देते हुए 60.59 रुपए प्रति एससीएम की दर पर उपलब्ध कराई जाएगी। राज्य सरकार के उपक्रम आरएसजीएल ने कोटा में गुरुवार रात 12 बजे से राहत देने का निर्णय किया है।
Updated on:
13 Mar 2025, 5:52 PM IST
Published on:
13 Mar 2025, 5:50 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.