Gaurav Gogoi and Vasundhara Raje meet : धुर विरोधी पार्टियों के नेता जब भी आपस में टकराते हैं तो वो खबर बन जाती है। चाहे ये टकराव सामान्य हो या असामान्य, चर्चाओं में आ ही जाता है। कुछ ऐसी ही चर्चाएं राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक तेज़ होने लगीं जब कांग्रेस पार्टी के सांसद गौरव गोगोई की मुलाक़ात भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व सीएम वसुंधरा राजे से हुई। दोनों नेताओं का आमना-सामना अनायास ही उदयपुर एयरपोर्ट लाउंज पर हो गया। बस फिर क्या था, तस्वीरें बाहर आईं तो चर्चा में आ गईं।
गौरतलब है कि कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई इन दिनों बतौर कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के चेयरमेन की हैसियत से राजस्थान दौरे पर आये हुए हैं। वे यहां कमेटी के अन्य सदस्यों अभिषेक दत्त और गणेश गोदियाल के साथ पार्टी के जिताऊ उम्मीदवारों को खोजने के लिहाज़ से आये हुए हैं। शुक्रवार को वे उदयपुर थे। वहीं पूर्व सीएम वसुंधरा राजे भी भाजपा की परिवर्तन यात्रा से एक दिन पहले देव दर्शनों के लिए निकलीं हुई थीं। यही कारण रहा कि दोनों विरोधी दलों के नेता अनायास ही उदयपुर एयरपोर्ट पर टकरा गए।