
जयपुर। पेट्रोल-डीजल के दामों में भारी बढ़ोत्तरी के विरोध में शुक्रवार को जयपुर शहर कांग्रेस के सभी 16 ब्लॉको में कांग्रेस ने प्रधानमंत्री और केन्द्र सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष व मीडिया चेयरपर्सन डॉ अर्चना शर्मा ने ज्योति नगर पानी की टंकी के पास सडक पर सिगडी पर रोटी बनाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विरोध में रैली निकाली गई।
वहीं शास्त्री नगर स्थित कांवटिया सर्किल पर प्रदर्शन के बाद जयपुर शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह खाचरियावास सहित सैकडों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कावंटिया सर्किल के चारों तरफ कार को रस्सी से खींचकर पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि के खिलाफ रोष जताया।
इस अवसर पर खाचरियावास ने कहा कि जब तक पेट्रोल डीजल की दरें कम नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अंतराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की दरें कम होने के बावजूद केन्द्र की भाजपा सरकार रोज पेट्रोल-डीजल की दरें बढा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में पेट्रोल-डीजल के कारण महंगाई का हाहाकार मचा हुआ है, लेकिन जनता की सुनने वाला कोई नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने पेट्रोल-डीजल के मामले में चुप्पी साधकर देश की जनता के साथ विश्वासघात किया है। खाचरियावास ने कहा कि पूरे देश में राहुल गांधी के आहवान पर कांग्रेस शनिवार को विश्वासघात दिवस मनाएगी। जयपुर में सुबह 10 बजे कलेक्ट्री सर्किल बनीपार्क पर धरना-प्रदर्शन और सभा कर विश्वासघात दिवस मनाया जाएगा।