
पत्रिका ब्यूरो/जयपुर. Rajasthan Politics: विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस में उठापटक चल रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा तीन दिन तक विधायकों से वन टू वन फीडबैक लेंगे। वहीं टोंक जिले के विधायकों से फीडबैक कार्यक्रम के दौरान टोंक विधायक सचिन पायलट झुंझुनूं व शाहपुरा के दौरे पर रहेंगे। ऐसे में पायलट का वन टू वन संवाद कार्यक्रम में पहुंचना मुश्किल होगा।
दरअसल, पायलट के अनशन से शुरू हुई सियासी गर्मी फिलहाल थमती नहीं दिख रही है। दिल्ली में सियासी मशक्कत के बाद प्रदेश प्रभारी रंधावा राजस्थान के दौरे पर आएंगे।
सोमवार, मंगलवार व गुरुवार को रंधावा मुख्यमंत्री गहलोत व प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा कांग्रेस के वार रूम में विधायकों व अन्य प्रमुख नेताओं से चुनाव को लेकर बात करेंगे।
19 को कार्यशाला: जयपुर स्थित बिड़ला ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन होगा। इसमें एआईसीसी व पीसीसी डेलीगेट्स, प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी, सांसद व सांसद प्रत्याशी, पूर्व सांसद, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व नेता प्रतिपक्षगण, मंत्री, विधायक, विधायक प्रत्याशी, पूर्व विधायक, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी, विभाग व प्रकोष्ठों के प्रदेशाध्यक्ष, जिला प्रमुख, प्रधान, नगर निकाय के अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस व मण्डलों के अध्यक्ष भाग लेंगे।
इधर, पायलट अलग दौरे पर: सचिन पायलट सोमवार सुबह 11 बजे शाहपुरा में परमानंद धाम खोरी व दोपहर 2 बजे खेतड़ी में शहीद श्योरामजी गुर्जर की मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में भाग लेेंगे।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि वन टू वन संवाद में चुनाव की तैयारियों पर फोकस रहेगा। विधायकों व अन्य नेताओं से चुनावी मुद्दों, संगठन की समस्याओं के बारे में जानकारी ली जाएगी। सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर भी फीडबैक लिया जाएगा।
यह रहेगा कार्यक्रम
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि 17 अप्रेल को अजमेर, टोंक, नागौर, भीलवाड़ा, जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, पाली, सिरोही व जालौर जिलों के विधायकों से वन-टू-वन संवाद होगा। 18 अप्रेल को उदयपुर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, राजसमन्द, कोटा, बारां, बूंदी, झालावाड़, भरतपुर, धौलपुर, करौली व सवाईमाधोपुर व 20 अप्रेल को बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जयपुर, अलवर, दौसा, सीकर व झुंझुनूं जिलों के विधायकों से वन-टू-वन संवाद होगा।
अकेले में हो सकेगी बात : सूत्रों ने बताया कि विधायक या कोई प्रमुख नेता प्रभारी से अकेले में बात करने की इच्छा जाहिर करेगा तो यह भी संभव हो सकेगा।
Updated on:
16 Apr 2023 01:08 pm
Published on:
16 Apr 2023 01:08 pm
