जयपुर. Rajasthan Election 2023 : टिकट वितरण से पहले ही सत्तारूढ़ कांग्रेस में समान विचारधारा वाले दलों से विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर पेंच फंसता नजर आ रहा है। गठबंधन को लेकर स्टेट लीडरशिप ही एक मत नहीं है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा चाहते हैं कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के सहयोगियों और प्रदेश के कुछ समान विचारधारा वाले दलों को कुछ सीटें दी जाएं, वहीं कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट और पूर्व केबिनेट मंत्री हरीश चौधरी खुलकर गठबंधन के विरोध में हैं। दोनों ही नेताओं का कहना है कि राजस्थान में गठबंधन की कोई जरूरत नहीं है, कांग्रेस पार्टी अपने दम पर सरकार बना सकती है। पहले भी कांग्रेस अपने दम पर कई बार सरकार बना चुकी है। इंडिया गठबंधन केंद्रीय स्तर पर बना है। हालांकि प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी रंधावा कह चुके हैं कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए राजस्थान में गठबंधन करना है या नहीं इसका फैसला पार्टी हाई कमान को करना है।