राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 की आज डेट घोषित होगी। कांग्रेस पूरी तैयारी से है। दिल्ली में एआईसीसी मुख्यालय में आज कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक शुरू हो गई है। राजस्थान सीएम अशोक गहलोत इस बैठक में शामिल हैं। वहीं सचिन पायलट सहित राजस्थान कांग्रेस से जुड़े करीब छह नेता इस बैठक में शामिल हैं। राजस्थान के लिए यह बैठक बेहद अहम है। कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक का मुख्य मुद्दा राजस्थान सहित पांच राज्यों में होने वाले चुनाव की रणनीति बनाना होगा, क्योंकि छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश राज्य के चुनाव को लेकर राहुल गांधी साफ कर चुके हैं कि उन प्रदेशों में कांग्रेस मजबूत है। राजस्थान में भाजपा और कांग्रेस की बेहद अहम लड़ाई है। राजस्थान में विधानसभा चुनाव कैसे जीते जाएं, उसके लिए रणनीति में क्या बदलाव किया जाए। इस बैठक में यह मुद्दा प्रमुखता से उठ सकता है।
कांग्रेस वर्किंग कमेटी में राजस्थान सीएम अशोक गहलोत शामिल नहीं हैं, पर उन्हें इस बैठक में आमंत्रित किया गया है। सीएम गहलोत का बैठक में शामिल होना यह इशारा कर रहा है कि सोमवार की कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में राजस्थान चुनाव अहम मुद्दा होगा।