जयपुर। राजधानी में सर्दी के तेवर नर्म होते ही दिन में धूप की चुभन सताने लगी है। जनवरी का महीना खत्म होने को आया है इसी के साथ मौसम के मिजाज में आए बदलाव के साथ ही दोपहर में धूप सुहा नहीं रही है। प्रदेश में उत्तरी इलाकों को छोड़कर शेष हिस्सों में मौसम शुष्क रहने पर सर्दी के तेवर नर्म पड़ने लगे हैं। हालांकि सुबह शाम में सर्द हवा के कारण सर्दी महसूस हो रही है वहीं दिन में धूप की तपिश से मौसम में बढ़ रही गर्माहट के कारण गर्म कपड़े उतरने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले 48 घंटे मौसम में गर्माहट बढ़ने पर मौसम शुष्क रहेगा। वहीं इसके बाद हिमालय तराई क्षेत्र में एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। ऐसे में अगले सप्ताह की शुरूआत में फिर सर्दी का पलटवार होने की उम्मीद है।