दौसा में मासूम बच्ची से दरिंदगी मामले में एक बार फिर भाजपा नेताओं ने गहलोत सरकार को घेरा है। सोशल मीडिया के जरिए पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी और नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने सरकार पर जुबानी हमला बोला। वसुंधरा राजे ने इस शर्मसार करने वाली घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है।
राजे ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि बीते पांच वर्षों में कांग्रेस ने राजस्थान को जो कुशासन दिया है, उसी का नतीजा है कि यहां बेटियों से दरिंदगी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। दौसा में चार वर्ष की मासूम के साथ रेप की वारदात ने राजस्थान को एक बार फिर शर्मसार किया है। इस बेटी की चीखें तब तक प्रदेशवासियों के कानों में गूंजती रहेगी, जब तक कि अपराधियों को सजा नहीं मिल जाती और जब तक इस निष्क्रिय सरकार की विदाई नहीं हो जाती।