14 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बलात्कार के आरोपों से घिरे मंत्री पुत्र रोहित जोशी का हुआ मेडिकल, मीडिया से बोला- मैंने कुछ गलत नहीं किया

जलदाय मंत्री महेश जोशी के पुत्र रोहित जोशी से दिल्ली पुलिस ने शनिवार को लगातार दूसरे दिन पूछताछ की। सुबह 11 बजे से पहले ही रोहित अपने वकीलों के साथ सदर बाजार थाने पर पहुंच गया था।

2 min read
Google source verification
rohit_joshi.jpg

अरविंद पालावत
जलदाय मंत्री महेश जोशी के पुत्र रोहित जोशी से दिल्ली पुलिस ने शनिवार को लगातार दूसरे दिन पूछताछ की। सुबह 11 बजे से पहले ही रोहित अपने वकीलों के साथ सदर बाजार थाने पर पहुंच गया था। वहां पर पूछताछ के बाद पुलिस उसे मेडिकल के लिए लेकर गई। जहां रोहित का मेडिकल कराया गया। मीडिया से बातचीत करते हुए रोहित ने कहा कि उसने कुछ गलत नहीं किया है। इसके साथ ही रविवार को रोहित को अपना मोबाइल फोन पुलिस को सुपुर्द करना होगा। ऐसे में रविवार को भी रोहित को सदर बाजार थाने जाना पड़ेगा।

सवालों से कई बार असहज महसूस होता दिखा
सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने रोहित से पीड़िता के बयानों के आधार पर सवाल किए। इन सवालों से कई बार रोहित असहज भी महसूस होता दिखा। पुलिस ने पीड़िता और उसकी मुलाकातों के साथ ही अन्य तथ्यों को लेकर कई सवाल दागे। माना जा रहा है कि अभी कई दफा रोहित को पूछताछ के लिए थाने में बुलाया जाएगा। इससे पहले शुक्रवार को भी रोहित जोशी से साढ़े छह घंटे पूछताछ हुई थी।

दिल्ली में रहना होगा, पुलिस कर सकती है निगरानी
तीस हजारी कोर्ट के आदेश के अनुसार रोहित जोशी दिल्ली छोड़कर बाहर नहीं जा सकेगा। यदि दिल्ली से बाहर जाना होगा तो उसे अदालत की अनुमति लेनी होगी। बिना अनुमति दिल्ली से बाहर जाने पर रोहित की मुश्किलें बढ़ सकती है। वहीं, यह भी माना जा रहा है कि हाई प्रोफाइल केस को देखते हुए पुलिस रोहित की निगरानी रख सकती है। जिसमें यह ध्यान रखा जाएगा कि वह दिल्ली से बाहर तो नहीं जा रहा है।

वकीलों की टीम हर समय है साथ
बता दें कि रोहित के साथ राजस्थान हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता दीपक चौहान और उनकी पूरी टीम हर समय मौजूद है। साथ ही रोहित को जो भी नोटिस मिल रहे हैं, उसका तत्काल जवाब भी मौके पर ही वकीलों से राय लेकर रोहित दे रहा है। इसका कारण यह भी है कि कोर्ट ने आरोपी को जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है। यदि रोहित जांच में सहयोग नहीं करता है तो उसके लिए मुश्किल खड़ी हो सकती है।