
Former PM Manmohan Singh Passes Away: भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का गुरुवार को निधन हो गया है। देर शाम तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के AIIMS में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वे 92 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, सीएम भजनलाल शर्मा, अशोक गहलोत, सचिन पायलट सहित कई नेताओं ने शोक जताया है।
जानकारी के अनुसार साल 2006 में मनमोहन सिंह की दूसरी बार बाईपास सर्जरी हुई थी, जिसके बाद से वे काफी बीमार चल रहे थे। गुरुवार को उन्हें सांस लेने में तक़लीफ और बेचैनी के बाद एम्स में भर्ती कराया गया था। उनका जन्म 26 सितम्बर 1932 को पश्चिमी पंजाब के गाह (अब पाकिस्तान) में हुआ था।
बता दें कि मनमोहन सिंह दो बार देश के प्रधानमंत्री रहे। मनमोहन सिंह ने अपनी पहचान एक राजनेता से कहीं अधिक एक कुशल अर्थशास्त्री के तौर बनाई। उन्होंने अपनी समझ और सूझबूझ से न सिर्फ दिवालिया होती भारतीय अर्थव्यस्था को बाहर निकाला बल्कि दुनिया के लिए उदारीकरण के दरवाजे खोलकर भारत को दुनिया की आर्थिक महाशक्ति बनने का रास्ता साफ किया।
अगस्त 2019 में राजस्थान में राज्यसभा की एक सीट के लिए हुए उपचुनाव में कांग्रेस के डॉ मनमोहन सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए। उस समय भाजपा के राज्यसभा सांसद मदनलाल सैनी के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी। मनमहोन सिंह लगभग तीन दशक तक असम से राज्यसभा के सदस्य रहे हैं। वे वर्ष 1991 से 2019 तक लगातार पांच बार असम से राज्यसभा सदस्य रहे, 2004 से 2014 के बीच लगातार दो बार देश के प्रधानमंत्री रहे।
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह का निधन अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से उनकी पुण्यात्मा को शांति प्रदान करने और परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।
राजस्थान के सीएम भजनलाल ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारजनों के साथ है। प्रभु श्री राम दिवंगत आत्मा को अपने परम धाम में स्थान तथा शोकाकुल परिवार को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति
वहीं, पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह जी का निधन देश के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। डॉ साहब सरल, सौम्य एवं ईमानदार के धनी थे। भारत के आर्थिक विकास, अर्थव्यवस्था की सुदृढ़ता एवं दुनिया में भारत को आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित करने में मनमोहन सिंह का बहुत बड़ा योगदान है। वित्त मंत्री के रूप में भारत को नई दिशा देने वाला आर्थिक उदारीकरण जैसा बड़ा कदम उठाया।
प्रधानमंत्री के रूप में आपके कार्यकाल में राजस्थान को विशेष सहयोग मिला जिससे कारण पचपदरा रिफाइनरी जैसी बड़ी सौगात मिली। आपके कार्यकाल को अधिकार आधारित राजनीति की शुरुआत के लिए भी याद रखा जाएगा। एक सामान्य पृष्ठभूमि से निकलकर अर्थशास्त्री, रिजर्व बैंक के गवर्नर, वित्त मंत्री, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं प्रधानमंत्री तक का आपका सफर सभी के लिए प्रेरणादायक है। आपको हमेशा याद किया जाएगा डॉ मनमोहन सिंह जी।
सचिन पायलट ने उनको याद करते हुए लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन की खबर से स्तब्ध हूँ। उनकी दूरदर्शिता, दक्षता एवं आर्थिक नीतियों ने देश की प्रगति को नई दिशा दी, आर्थिक सशक्तिकरण में अद्वितीय योगदान दिया एवं विश्व पटल पर भारत को आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित किया। यह मेरा परम सौभाग्य है कि उनकी कैबिनेट में रहते हुए मुझे उनके सानिध्य में कार्य करने का अवसर मिला। उनके नेतृत्व में कांग्रेस सरकार की नीतियों को सशक्त करने का मौक़ा मिला।
कहा कि आर्थिक सुधारों को गति देना उनकी प्रतिबद्धता रही। उनका निधन मेरे लिए निजी क्षति है। उनके निधन से समस्त कांग्रेस परिवार सहित पूरे देश में एक ऐसा रिक्त स्थान हो गया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। मैं परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहन करने का संबल प्रदान करें। ॐ शांति
Updated on:
27 Dec 2024 08:47 am
Published on:
26 Dec 2024 11:21 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
