
Shri Mahavir Ji Mela: जयपुर। श्रीमहावीर जी और कैला देवी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने जयपुर-बयाना-जयपुर एक्सप्रेस का अस्थायी रूप से भरतपुर तक विस्तार करने का निर्णय लिया है। यह सुविधा 11 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इससे मेले में आने-जाने वाले यात्रियों को आवागमन में राहत मिलेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, ट्रेन संख्या 19721 जयपुर-बयाना एक्सप्रेस जयपुर से अपने निर्धारित समय पर रवाना होगी। यह ट्रेन बयाना स्टेशन पर दोपहर 12:20 बजे पहुंचेगी और 12:22 बजे रवाना होकर दोपहर 1 बजे भरतपुर पहुंचेगी। यह व्यवस्था निर्धारित अवधि के दौरान लागू रहेगी।
ट्रेन संख्या 19722 बयाना-जयपुर एक्सप्रेस 11 से 26 अक्टूबर तक बयाना के बजाय भरतपुर से दोपहर 1:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन दोपहर 2:08 बजे बयाना पहुंचेगी और 2:10 बजे रवाना होकर अपने निर्धारित समय पर जयपुर पहुंचेगी।
रेलवे की इस व्यवस्था से श्रीमहावीर जी और कैला देवी मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा मिलने की उम्मीद है। यात्रियों को सलाह है कि सफर से पहले ट्रेन की समय-सारणी की पुष्टि कर लें।
जयपुर। त्योहारी सीजन में बढ़ते यात्रीभार को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। जोधपुर-दिल्ली-जोधपुर मंडोर एक्सप्रेस में वातानुकूलित श्रेणी के दो अतिरिक्त डिब्बे अस्थायी रूप से लगाए जाएंगे। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, ट्रेन संख्या 22491/22492 में जोधपुर से 10 से 16 अक्टूबर और दिल्ली से 11 से 17 अक्टूबर 2026 तक एक सेकंड AC और एक थर्ड AC इकोनॉमी कोच बढ़ाया जाएगा। इससे त्योहारों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध हो सकेंगी।
त्योहारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे अयोध्या कैंट-साबरमती आरक्षित स्पेशल ट्रेन (04250) का एक ट्रिप संचालित करेगा। यह ट्रेन 9 अक्टूबर को अयोध्या कैंट से शाम 6:20 बजे रवाना होकर 10 अक्टूबर को शाम 7 बजे साबरमती पहुंचेगी। रास्ते में लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, इटावा, टूंडला, आगरा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर, ब्यावर, मारवाड़ जंक्शन, फालना, आबू रोड, पालनपुर और मेहसाणा में ठहराव होगा। ट्रेन में कुल 19 डिब्बे होंगे, जिनमें 9 थर्ड AC, 3 थर्ड AC इकोनॉमी, एक सेकंड AC, दो स्लीपर, दो सामान्य श्रेणी और दो पावरकार शामिल हैं।
Updated on:
09 Oct 2026 12:38 pm
Published on:
09 Oct 2026 12:37 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
