
Photo AI
Air Cargo Complex:जयपुर। राजस्थान के अंतरराष्ट्रीय व्यापार और निर्यात क्षेत्र के लिए जयपुर से बड़ी उपलब्धि सामने आई है। राजस्थान लघु उद्योग निगम लिमिटेड यानी राजसिको की ओर से संचालित जयपुर एयर कार्गो कॉम्प्लेक्स ने सितंबर 2026 में अपने 1979 में स्थापना के बाद अब तक का सबसे बड़ा मासिक वित्तीय कारोबार दर्ज किया है। सितंबर में कॉम्प्लेक्स का वित्तीय कारोबार 1.93 करोड़ रुपए पहुंच गया। यह किसी एक महीने में दर्ज किया गया अब तक का सर्वाधिक कारोबार है।
रिकॉर्ड कारोबार के पीछे कार्गो आवाजाही में बढ़ोतरी भी अहम रही। सितंबर में जयपुर एयर कार्गो कॉम्प्लेक्स के माध्यम से कुल 276.807 मीट्रिक टन आयात-निर्यात कार्गो का संचालन किया गया। इस कार्गो का कुल व्यापारिक मूल्य 2,776.91 करोड़ रुपए रहा। इसमें 211.261 मीट्रिक टन निर्यात कार्गो शामिल था, जिसका व्यापारिक मूल्य 1,557.07 करोड़ रुपए रहा। वहीं 65.546 मीट्रिक टन आयात कार्गो का व्यापारिक मूल्य 1,219.83 करोड़ रुपए दर्ज किया गया।
जयपुर एयर कार्गो की इस उपलब्धि में कस्टम्स विभाग के सहयोग को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कस्टम्स क्लीयरेंस प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने और कारोबार के अनुकूल वातावरण तैयार करने से कार्गो संचालन को गति मिली है। राजसिको की ओर से भी निर्यातकों और आयातकों को समयबद्ध सेवाएं देने के साथ कस्टम्स, एयरलाइंस, फ्रेट फॉरवर्डर्स, क्लियरिंग एजेंट्स और अन्य संबंधित पक्षों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया जा रहा है।
कॉम्प्लेक्स की संचालन और हैंडलिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सितंबर 2026 से गोविन्दम क्लियरिंग एजेंसी प्राइवेट लिमिटेड को हैंडलिंग एवं परिवहन ठेकेदार नियुक्त किया गया है। इससे कार्गो की आवाजाही और परिवहन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
जयपुर एयर कार्गो के विस्तार की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण पहल नई एक्सटेंशन सुविधा है। व्यापारिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की योजना के तहत आईसीडी, जयपुर परिसर में विकसित एयर कार्गो कॉम्प्लेक्स एक्सटेंशन सुविधा को चरणबद्ध तरीके से जल्द शुरू करने की तैयारी है।
नई सुविधा में एक्सप्रेस कार्गो क्लीयरेंस सिस्टम, कोल्ड स्टोरेज और डाक निर्यात केंद्र जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। एक्सप्रेस क्लीयरेंस सिस्टम से ई-कॉमर्स और छोटे मूल्य के अंतरराष्ट्रीय कार्गो का कस्टम्स क्लीयरेंस तेजी से हो सकेगा। वहीं कोल्ड स्टोरेज के जरिए फल, सब्जियां, खाद्य सामग्री और अन्य तापमान-संवेदनशील कार्गो को सुरक्षित रखने की सुविधा मिलेगी।
नई व्यवस्थाओं का सीधा फायदा राजस्थान के छोटे निर्यातकों, एमएसएमई, स्टार्टअप, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पाद निर्माताओं को मिलने की उम्मीद है। डाक निर्यात केंद्र के जरिए छोटे निर्यातक और ई-कॉमर्स कारोबारी जयपुर से अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक अपने उत्पाद अधिक आसानी से भेज सकेंगे।
राजसिको का लक्ष्य जयपुर एयर कार्गो कॉम्प्लेक्स को राजस्थान के प्रमुख एयर कार्गो और लॉजिस्टिक्स केंद्र के रूप में विकसित करना है। इससे निर्यात की लागत और समय कम करने, कारोबार को गति देने और राजस्थान को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला से अधिक मजबूती से जोड़ने की दिशा में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है।
Updated on:
05 Oct 2026 10:35 am
Published on:
05 Oct 2026 10:35 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
