
अरविंद पालावत/जयपुर। जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने डिजिटल बिल भुगतान योजना को बढ़ावा देते हुए निर्णय लिया है कि अब 20 हजार रुपए से ज्यादा के बिल नकद जमा नहीं होंगे। हालांकि कृषि उपभोक्ताओं पर यह फैसला फिलहाल लागू नहीं होगा। यानी कृषि उपभोक्ता 20 हजार रुपए से ज्यादा का बिल ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों ही तरह से भुगतान कर सकते है।
डिस्कॉम के एमडी आरजी गुप्ता ने बताया कि केंद्र सरकार डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा दे रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए डिस्कॉम ने भी यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पेमेंट का बड़ा फायदा यह होगा कि राशि डिस्कॉम के खाते में सीधे जमा होगी और उपभोक्ता का बिल उसी समय जमा हो जाएगा। नई भुगतान व्यवस्था 15 जुलाई से शुरू होगी।
ऑफलाइन पेमेंट लिया तो देनी होगी पैनल्टी
विभाग की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि यदि ई-मित्र, सब-डिविजनल कैशियर सहित अन्य कियोस्क 20 हजार रुपए से ज्यादा का बिल नकद, डीडी या चैक से जमा करते है, तो उन पर पैनल्टी लगाई जाएगी। यह पैनल्टी एलआईपी कनेक्शन पर दो हजार रुपए और अन्य कनेक्शन पर पांच सौ रुपए होगी, जो बिल जमा करने वाले कियोस्क या कैशियर को भुगतान करनी होगी। यह राशि अगस्त, 2018 के बिलों से वसूल की जाएगी। हालांकि विभाग ने स्पष्ट किया है कि कुछ परिस्थितियों में अनुमति लेने के बाद ऑफलाइन भुगतान किया जा सकता है।
एक्सईएन और एईएन को करना होगा प्रचार
विभाग ने जारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि एक्सईएन और एईएन को इस संबंध में उपभोक्ताओं को जानकारी देनी होगी। ताकि वे 20 हजार रुपए से ज्यादा के भुगतान का ऑनलाइन पेमेंट करें।
डिस्कॉम और उपभोक्ताओं को होगा यह फायदा
पिछले दिनों से जयपुर डिस्कॉम ऑनलाइन भुगतान को बढ़ावा देने के लिए कई प्रोत्साहन योजनाएं भी चला रहा है। इन योजनाओं के तहत ऑनलाइन पेमेंट करने वाले उपभोक्ताओं को लॉटरी के माध्यम से लाखों रुपए की राशि भी दी जा रही है।
वहीं, 20 हजार से ज्यादा के भुगतान ऑनलाइन होने पर डिस्कॉम को यह फायदा होगा कि पहले उन्हें ई-मित्र को बिल जमा करने का कमीशन देना पड़ता था, जो अब नहीं देना होगा। इसके साथ ही बिल की राशि तत्काल डिस्कॉम के खाते में जमा होगी, जो पहले एक-दो दिन बाद जमा हुआ करती थी। वहीं, उपभोक्ता का बिल तत्काल जमा हो जाएगा।
इनका कहना है
डिस्कॉम की ओर से यह निर्णय डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए किया गया है। हम चाहते है कि ज्यादा से ज्यादा उपभोक्ता ऑनलाइन बिल पेमेंट करें। यह व्यवस्था 15 जुलाई से प्रभावी होगी। साथ ही जो ई-मित्र या कैशियर 20 हजार रुपए से ज्यादा राशि के बिल ऑफलाइन लेंगे, उन पर पैनल्टी लगाई जाएगी।
आर.जी. गुप्ता, एमडी, जयपुर डिस्कॉम
Published on:
09 Jul 2018 08:59 pm
