Hindi News / Rajasthan / Jaipur / Jaipur News: बिदके हाथी… मची अफरा-तफरी, जयपुर स्थापना दिवस के जश्न की आतिशबाजी के बीच मचा हड़कंप, देखें VIDEO
Jaipur News: बिदके हाथी… मची अफरा-तफरी, जयपुर स्थापना दिवस के जश्न की आतिशबाजी के बीच मचा हड़कंप, देखें VIDEO
Jaipur Foundation Day Panic: जयपुर स्थापना दिवस समारोह में स्टेच्यू सर्किल पर आतिशबाजी के तेज धमाकों से बिदके हाथी, मची अफरा-तफरी। नगर निगम ने तुरंत रुकवाई आतिशबाजी, महावतों ने पाया काबू।
जयपुर स्थापना दिवस के मुख्य समारोह के दौरान बुधवार शाम 18 नवंबर 2026 स्टेच्यू सर्किल पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब भव्य आतिशबाजी के तेज धमाकों और शोर से दो सजे-धजे हाथी बिदक गए। घबराए हाथियों के इधर-उधर दौड़ने से मौके पर मौजूद आम नागरिकों, मीडियाकर्मियों और कंटेंट क्रिएटर्स में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कई लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।
स्थिति को बिगड़ता देख जयपुर नगर निगम के अधिकारियों ने तुरंत आतिशबाजी रुकवा दी। कुछ देर की कड़ी मशक्कत के बाद महावतों ने दोनों हाथियों को काबू में कर लिया, जिससे कोई बड़ा हादसा या जनहानि नहीं हुई।
कैसे भड़के हाथी और कैसे संभली स्थिति?
समारोह में दीपोत्सव और महाआरती के बाद जैसे ही आतिशबाजी शुरू हुई, तेज धमाकों की आवाज से वहां मौजूद दोनों हाथी डर गए। बिदके हाथी डिवाइडर कूदते हुए भागने लगे, जिससे आयोजन स्थल के आसपास मौजूद लोगों और कैमरामैन-क्रिएटर्स में खलबली मच गई।
हालात को भांपते हुए नगर निगम अधिकारियों ने आतिशबाजी बंद कराई और महावतों ने स्थिति को संभालते हुए हाथियों को नियंत्रित किया।
VIP मौजूदगी और दिनभर के अन्य आयोजन
प्रमुख अतिथियों की उपस्थिति: स्टेच्यू सर्किल पर आयोजित समारोह में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, सांसद मंजू शर्मा, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, और जयपुर मेयर सुनील कोठारी सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
स्थापना दिवस के आयोजनों के तहत दिन में गंगापोल दरवाजे पर क्रेन के जरिए भगवान गणेश का पूजन किया गया और हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। इसके अलावा शहर के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों पर शहनाई वादन भी हुआ।