
जयपुर मेट्रो
राजधानी जयपुर में जगतपुरा से वैशाली नगर को जोड़ने वाले रूट पर मंथन शुरू हो गया है। माना जा रहा है कि पीवीसी कर्नल होशियार सिंह मार्ग (क्वींस रोड) होते हुए मेट्रो के ट्रैक को कालवाड़ तक ले जाया जाएगा। 200 फीट बाइपास से दिल्ली की ओर (सी-जोन बाइपास) जाने की बजाय पुरानी चुंगी होते हुए क्वींस रोड, वैशाली मार्ग से वैशाली सर्किल होते हुए खातीपुरा तिराहा, सिरसी रोड, जनक मार्ग, खिरणी फाटक के बाद सर्विस रोड पर ले जाना मुफीद माना गया है।
बीते दिनों मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर मेट्रो की समीक्षा बैठक की थी, उसके बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, जयपुर मेट्रो और जेडीए अधिकारियों की बैठक में नए मेट्रो रूट पर चर्चा हुई।
बजट 2024-25 में राजमहल पैलेस होटल से कलक्ट्रेट सर्कल तक एलिवेटेड रोड की घोषणा की गई थी। इस एलिवेटेड रोड की फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार हो चुकी है। जेडीए सूत्रों की मानें तो यह एलिवेटेड रोड संभव नहीं है। क्योंकि जिस हिस्से में एलिवेटेड रोड प्रस्तावित है, उसमें बड़ा हिस्सा जयपुर मेट्रो फेज-2 से प्रभावित है। ऐसे में पुन: परीक्षण करवाया जाएगा।
इस रूट को वैशाली होते हुए कालवाड़ पुलिया को मेट्रो से जोड़ने की तैयारी चल रही है। क्योंकि, कालवाड़ पुलिया तक मेट्रो का संचालन हुआ तो झोटवाड़ा और पृथ्वीराज नगर-उत्तर की कॉलोनी को फायदा मिलेगा। उधर, विद्याधर नगर भी फेज-2 से जुड़ जाएगा।
Updated on:
18 Mar 2025 07:54 am
Published on:
18 Mar 2025 07:54 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
