
rajasthan-weather : गलन वाली सर्दी का बढ़ेगा जोर
जयपुर। पूरा उत्तर भारत हाड़कंपाने वाली सर्दी की जद में है। राजस्थान में भी सर्दी के तेवर तीखे बने रहे हैं और सुबह छह से ज्यादा जिले घने कोहरे के आगोश में लिपटे रहे। बीती रात पारे में दो डिग्री तक गिरावट होने पर गलन और ठिठुरन से लोग बेहाल रहे। मौसम विभाग ने सप्ताह के अंत तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने और कई इलाकों में घना कोहरा छाने और कुछ भागों में बारिश होने की चेतावनी दी है।
शेखावाटी अंचल में धूजणी
राजस्थान के शेखावाटी अंचल में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। शेखावाटी में सर्वाधिक सर्दी का जोर रहा है। मैदानी इलाकों में सीकर जिला 5.8 डिग्री तापमान के साथ बीती रात सबसे सर्द रहा। जिले के फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र पर बीती रात का तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ।
जिलों में भी दो डिग्री तक गिरावट
राजस्थान की राजधानी समेत कई जिलों में भी रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। जयपुर में बीती रात पारा 10.8 डिग्री रहा। अलवर 5.8, चूरू 6.4, भीलवाड़ा 6.4, पिलानी 6.7, सिरोही 7.4, संगरिया 8.3, डबोक 8.6, श्रीगंगानगर 8.7, अंता बारां 9.0, चित्तौड़ 9.2, जैसलमेर 9.2 और कोटा में बीती रात पारा 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
इन जिलों में मौसम शुष्क
बाड़मेर में बीती रात पारा 12.4 डिग्री रहा जबकि डूंगरपुर जिला 13.8 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ सबसे गर्म जिला रहा। जोधपुर 12.4, फलोदी 11.6 और धौलपुर में बीती रात पारा 10.7 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ।
इन जिलों में सुबह छाया कोहरा
राजस्थान में सुबह छह से ज्यादा जिले घने कोहरे के आगोश में लिपटे रहे। झालावाड़, बूंदी, भीलवाड़ा, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, दौसा समेत कई जिलों में घने कोहरे के चलते जनजीवन प्रभावित रहा।हाईवे पर कोहरे के कारण वाहनों का संचालन भी प्रभावित हुआ।
सप्ताहांत तक सक्रिय होगा विक्षोभ
मौसम विभाग के अनुसार सप्ताह के अंत तक राजस्थान में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार हैं। इसके चलते उत्तर पूर्व और पश्चिम के कुछ जिलों में घना कोहरा छाने, बारिश और शीतलहर चलने पर सर्दी के तेवर और तीखे होने की चेतावनी मौसम केंद्र ने दी है।
Published on:
25 Dec 2023 10:40 am
