
जयपुर
जीएनएम तीसरी काउंसलिंग में शामिल अभ्यर्थी अब 8 जुलाई तक ले सकेंगे प्रवेश
राजस्थान में जनरल नर्सिंग प्रशिक्षण केन्द्रों (जीएनएम) प्रवेश के लिए अंतिम तिथि को बढ़ा दिया गया है। जीएनएम प्रशिक्षण सत्र 2021-22 में प्रवेश के लिए की गई तीसरी काउंसलिंग में चयनित अभ्यर्थी आवंटित प्रशिक्षण केंद्रों में अब 8 जुलाई तक प्रवेश ले सकेंगे।
निदेशक अराजपत्रित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं सुरेश नवल के अनुसार पहले प्रवेश की अंतिम तिथि 1 जुलाई थी। लेकिन प्रशासनिक कारणों व नेटबंदी के कारण इस तय तिथि तक काउंसलिंग की सूची में शामिल अभ्यर्थियों को रिपोर्ट करने में परेशानी होने से कई अभ्यर्थी वंचित रह गए थे।
तीसरी ऑनलाइन काउंसलिंग के आधार पर राजकीय एवं निजी जीएनएम प्रशिक्षण केन्द्रों में ऑनलाइन विकल्प पत्रों के आधार पर राज्य स्तरीय मेरिट पर सीटों का आवंटन किया गया है। हाल ही में हुई नेटबंदी के कारण अभ्यर्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। इसलिए अंतिम तिथि बढ़ाई है।
-97 सरकारी मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति
सरकारी मृतक कर्मचारियों के 97 आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति के आदेश जारी किए गए है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से गठित समिति की अनुशंसा पर नियुक्ति सूची जारी कर दी गई है। निदेशक (अराजपत्रित) चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग सुरेश नवल ने बताया कि 97 मृतक आश्रितों को कनिष्ठ सहायक के 74, वाहन चालक के 1, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी 19 एवं स्वीपर के 3 पदों पर अनुकम्पा नियुक्ति के आदेश जारी किए गए हैं। मृतक आश्रितों के कार्यग्रहण करने की तिथि से 2 वर्ष की कालावधि के लिए परिवीक्षाधीन प्रशिक्षणार्थी के रूप में नियुक्त किया गया है।