
राहुल गांधी राजस्थान पहुंचे: कांग्रेस का चार साल के जश्न से ज्यादा राहुल गांधी की रैली पर फोकस, 19 को यात्रा की सबसे बड़ी रैली
कांग्रेस में इस समय उत्साह जबरदस्त है। कन्याकुमारी से शुरू हुई पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा ने रविवार को राजस्थान में प्रवेश किया । झालावाड़ में भारत जोड़ो यात्रा के स्वागत के दौरान कांग्रेस में एकजुटता नजर आई। कार्यक्रम के दौरान सीएम अशोक गहलोत, सचिन पायलट ने हाथ पकड़कर डांस भी किया।
पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और पार्टी के सबसे बड़े चेहरे राहुल गांधी 18 दिन तक प्रदेश में होंगे। इस समय खास बात यह भी है कि सरकार का गठन हुए चार साल पूरे हो रहे हैं। 11 दिसंबर 2018 को चुनाव नतीजे आए थे। 17 दिसंबर को जयपुर में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शपथ ली थी। इसी दिन यात्रा का विश्राम दिवस है। इन दोनों ही महत्वपूर्ण तिथियों पर राहुल गांधी राजस्थान में होंगे। ऐसे में चार साल पूरे होने का जश्न मनाया जाएगा या यात्रा के कार्यक्रमों पर ही फोकस किया जाएगा, फिलहाल इस पर असमंजस है। सरकार के स्तर पर आधिकारिक रूप से चार साल के आयोजन की कोई घोषणा नहीं की गई है। संगठन का मानना है कि इस समय यात्रा पर ही फोकस रहेगा।
जनता खुश, यही जश्न
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बताया कि इस समय सभी का ध्यान भारत जोड़ो यात्रा पर है। इस बीच यह भी खुशी की बात है कि सरकार के चार साल पूरे हो रहे हैं। अभी तक किसी विशेष कार्यक्रम की जानकारी नहीं है। डोटासरा ने कहा कि सरकार के चार साल पर जनता खुश है। सभी यात्रा के स्वागत के लिए तैयार हैं।
चार साल पर सभा ही बड़ा आयोजन
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान प्रदेश की सबसे बड़ी सभा 19 दिसंबर को है। अलवर जिले के मालाखेड़ा में सभा होगी। सभा की तैयारी शुरू हो गई है। खुद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा इस पर निगाह रखे हुए हैं और केबिनेट मंत्री टीकाराम जूली मालाखेड़ा में कैंप किए हुए हैं। माना जा रहा है कि सरकार के चार साल पर यही बड़ा आयोजन होगा। इसके इतर प्रशासनिक स्तर पर भी चार साल की उपलब्धियों और इस दौरान किए गए कार्यों की रिपोर्ट तैयार हो रही है। इसे भी सार्वजनिक किया जाएगा।
Published on:
04 Dec 2022 09:45 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
