
पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत
Mukhyamantri Dudh Utpadak Sambal Yojana : राजस्थान के 3.25 लाख डेयरी किसानों की बल्ले-बल्ले। पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत ने मंगलवार को शासन सचिवालय में डेयरी किसानों को दीपावली की सौगात देते हुए मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना की 92.41 करोड़ रुपए की अनुदान राशि उनके बैंक खातों में सीधे ही डीबीटी के माध्यम से जारी की। इससे प्रदेश के लगभग 3.25 लाख पशुपालक लाभान्वित होंगे। मीडिया से वार्ता करते हुए मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि दुग्ध उत्पादकों को दूध के मूल्य का भुगतान आरसीडीएफ द्वारा किया जाता है। वहीं मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादन संबल योजना के अंतर्गत 5 रुपए की अनुदान राशि भी दुग्ध उत्पादकों को दी जा रही है, जिससे दुग्ध उत्पादकों को दुगुना फायदा हो रहा है। इस योजना का लाभ सीधे दुग्ध उत्पादकों को उनके बैंक खातों के माध्यम से पहुंचाने के उद्देश्य से प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) सिस्टम द्वारा राशि हस्तांतरित की जा रही है।
मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि इस योजना के लागू होने से दुग्ध उत्पादकों की आय में वृद्धि हुई है, जिससे दुग्ध उत्पादक किसान पशुधन का अच्छे से पालन-पोषण कर रहे हैं। साथ ही दुग्ध उत्पादन में भी वृद्धि हुई है जिससे राजस्थान दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में भारत के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है।
यह भी पढ़ें :
पशुपालन एवं डेयरी मंत्री मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों एवं पशुपालकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। इसी क्रम में वर्ष 2024-25 के बजट में मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के लिए 600 करोड़ रुपए बजट का प्रावधान किया गया है।
मंत्री जोराराम कुमावत ने बताया कि हाल ही में दूरदराज के क्षेत्रों में पशुओं के इलाज की समुचित व्यवस्था के लिए 536 मोबाइल वेटरनरी यूनिट और 1962 कॉल सेंटर प्रारंभ किया गया है। अब एक कॉल करते ही पशुपालक के द्वार पहुंचकर पशु का इलाज किया जा रहा है, जिससे पशुपालकों के धन और समय दोनों की बचत हो रही है।
यह भी पढ़ें :
मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के विभिन्न शहरों में सरस पार्लर खोले जाएंगे। सरस बूथ, सरस मित्र एवं दुग्ध संग्रहण बढ़ाने पर भी विभाग काम कर रहा है।
डीबीटी के माध्यम से अनुदान राशि के हस्तांतरण के तुरंत बाद पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत ने नागौर की डेगाना तहसील के पशुपालक सहदेव दिया से फोन पर बात की। सहदेव ने खुशी जताते हुए कहा कि दो माह की अनुदान राशि 10 हजार रुपए उनके बैंक खाते में आ गए हैं और इसका मैसेज भी उन्हें मोबाइल पर प्राप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि समय पर राशि सीधे उनके बैंक खाते में आने से वे बेहद खुश हैं।
यह भी पढ़ें :
Updated on:
15 Oct 2024, 7:13 PM IST
Published on:
15 Oct 2024, 7:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.