
जयपुर। प्रदेश में रविवार को निर्वाचन विभाग ने आचार संहिता के उल्लंघन में एक विधायक की गाड़ी पकड़ी, विभिन्न दलों के कार्यकर्ताओं को नोटिस थमाए। भरतपुर में निर्वाचन विभाग के उडऩ दस्ते ने रविवार शाम सेवर बाइपास रोड पर कार्रवाई कर करौली जिले की हिण्डौन से भाजपा विधायक राजकुमारी जाटव की गाड़ी को पकड़ा। विभाग के उडऩ दस्ते ने कार्रवाई की तब गाड़ी में विधायक बैठी हुई थीं। आगे विधायक लिखा था, पीछे पोस्टर लगा हुआ था। पोस्टर हटवाकर गाड़ी सुपुर्द कर दी गई।
भवानीमंडी में डग विधानसभा रिर्टनिंग अधिकारी ने कांग्रेस एससी प्रकोष्ट के संभागीय अध्यक्ष दुर्गाशंकर यादव को नोटिस जारी कर 3 दिन में जवाब देने को कहा है। यादव ने आचार संहिता लगने के बाद यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक चांदना को जन्मदिन बधाई संदेश अपने पदनाम से दिया।
उधर, बस्सी निर्वाचक अधिकारी ने टिकट के लिए दावेदारी जता रहे कांग्रेस के दो दावेदारों को आचार संहिता के उल्लंघन पर नोटिस जारी किया है। पार्टी के ही एक पदाधिकारी को भी नोटिस दिया गया है। बस्सी चक के पास कांग्रेस का कार्यालय खोलने पर सेडूराम मीना, राम स्वरूप मीना, पार्टी के जिला परिषद सदस्य बेनीप्रसाद कटारिया को पार्टी का झण्डा लगाने पर नोटिस जारी किया गया है।
Published on:
15 Oct 2018, 11:11 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.