Rajasthan Assembly Election 2023 : नामांकन वापसी के अंतिम दिन कई बागी चुनाव मैदान से हट गए। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने 81 उम्मीदवारों को टिकट दिया था। इनमें से तीन सीटों पर प्रत्याशियों ने अपने स्तर पर ही नामांकन वापस ले लिया। पार्टी का टिकट लेने वाले सरदारशहर से लालचंद मूंड, दातारामगढ़ से महावीर प्रसाद व बीकानेर पश्चिम से अब्दुल मजीद चुनावी मैदान से हट गए। आरएलपी की गठबंधन वाली आजाद समाज पार्टी के भी करीब छह उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिया है। बसपा के नौ उम्मीदवार चुनावी मैदान से हट गए। इनमें सिविल लाइंस से अरुण चतुर्वेदी, जैसलमेर से प्रहलाद राम, सिरोही से सुरेश कुमार, हवामहल से तरुषा पाराशर, पोकरण से तुलछाराम, राजाखेड़ा से धर्मपाल, आदर्श नगर से हसनराजा, भीनमान से कृष्णकुमार व सांगानेर से रामलाल चौधरी शामिल हैं। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष भगवान सिंह बाबा का कहना है कि पार्टी के नियमों के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। इसी तरह कुछ और पार्टियों के उम्मीदवारों ने भी नामांकन वापस लिए हैं।