
पत्रिका न्यूज नेटवर्क/जयपुर। Rajasthan Assembly Election 2023: विधानसभा चुनाव से पहले कच्ची बस्तियों के वोट पक्के हों, इसके लिए जनप्रतिनिधि कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। मतदाताओं को लुभाने के लिए अवैध रूप से बसी कच्ची बस्तियों में पक्की सड़क बनाने का काम नेताओं के इशारे पर हो रहा है। आलम यह है कि हैरिटेज निगम के हवामहल जोन में द्रव्यवती नदी के भराव क्षेत्र को भी नहीं छोड़ा जा रहा है। विद्याधर नगर स्थित किशनबाग के आगे से सीमेंट सड़क का निर्माण संजय नगर कच्ची बस्ती में रहने वाले लोगों के लिए किया जा रहा है। सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अभियंता सड़क बनाने में जुटे हैं। जलभराव के दौरान सड़क क्षतिग्रस्त न हो, इसके लिए सीमेंट की सड़क बनाई जा रही है।
पहाड़ी पर हो रहे अवैध कब्जे: जेडीए ने एक क्षेत्र में तो किशनबाग वानिकी परियोजना विकसित कर दी, लेकिन दूसरी ओर पहाड़ी पर कच्ची बस्ती बढ़ती जा रही है। इसको रोकने के लिए जेडीए कोई प्रयास नहीं कर रहा है।
हाईकोर्ट के आदेश की अवहेलना: मौके पर सड़क निर्माण के बाद भराव क्षेत्र में कचरा डालकर जलभराव के हिस्से को प्रभावित किया जा रहा है।
स्वर्ण जयंती पार्क होकर गुजरता रास्ता: वर्ष 2013 में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भट्टा बस्ती पुनर्वास परियोजना का शिलान्यास करने आए थे। कार्यक्रम से एक दिन पहले तेज बारिश होने के कारण जलभराव हो गया था। तब निगम ने डूब क्षेत्र में सड़क का निर्माण कर दिया था। क्योंकि कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए स्वर्ण जयंती पार्क होकर ही रास्ता है।
सार्वजनिक निर्माण विभाग ने पहाड़ी तक सड़क का निर्माण कर दिया। करीब 1.5 किमी लंबी सड़क बनाई गई है। इस पर 1.45 करोड़ खर्च किए गए हैं। अगले एक सप्ताह में पीडब्ल्यूडी इसका काम पूरा कर देगा।
सड़क के ऊपर ही बना रहे: हम नई सड़क नहीं बना रहे। पहले से जो सड़क थी, उसी के ऊपर निर्माण किया है। यह बात सही है कि पुरानी सड़क क्षतिग्रस्त थी।-जितेंद्र मीणा, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी
Published on:
10 Sep 2023, 11:55 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.