
Rajasthan Assembly Election 2023 : भाजपा ने शुक्रवार को चौथी सूची जारी कर दी। इस सूची में दो प्रत्याशियों की घोषणा की है। टोडाभीम से रामनिवास मीना और शिव से स्वरूप सिंह खारा को प्रत्याशी बनाया गया है। पार्टी अब तक 184 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। अब 16 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा होना बाकी है।
पार्टी ने टोडाभीम से रामनिवास मीना को टिकट दिया है। मीना गुरुवार रात दिल्ली में भाजपा में शामिल हुए थे। ईआरसीपी को लेकर आंदोलन करने के लिए चर्चित मीना को पानी वाले बाबा के नाम से भी जाना जाता है। बाड़मेर की शिव सीट से स्वरूप सिंह खारा को मैदान में उतारा गया है। खारा बाड़मेर भाजपा के जिलाध्यक्ष हैं। दोनों ही प्रत्याशी पहली बार चुनाव मैदान में हैं।
भाजपा हो कांग्रेस, दल बदलुओं को मौके
भाजपा हो या कांग्रेस। इस बार कई नेता एकाएक पार्टी में आए और टिकट ले लिया। कांग्रेस के मुकाबले भाजपा में इनकी संख्या ज्यादा है। भाजपा ने अब तक जारी सूचियों में कुल आठ और कांग्रेस ने दो दल बदलुओं को टिकट दिए हैं। भाजपा की तीसरी सूची में दल-बदल कर आए चार नेताओं को टिकट दिया गया था। दूसरी सूची में दो और पहली सूची में दो दलबदलू को टिकट मिला है। कांग्रेस ने भी दो दलबदलुओं को पार्टी में शामिल किया और टिकट दे दिया।
भाजपा ने इनको दिया टिकट: सुभाष महरिया, हंसराज पटेल, ज्योति मिर्धा, शिवचरण कुशवाहा, सुभाष मील, उदय लाल डांगी, दर्शन सिंह गुर्जर, सुमित्रा पूनिया को टिकट दिया है। सुमित्रा पूनिया कांग्रेस से भाजपा में आए पूर्व विधायक नंद लाल पूनिया की पुत्रवधू हैं।
कांग्रेस ने इनको दिया टिकट: भाजपा के 2018 में किशनगढ़ से प्रत्याशी रहे विकास चौधरी टिकट नहीं मिलने से पार्टी छोड़ गए और कांग्रेस ने उन्हें यहीं से उम्मीदवार बनाया है। धौलपुर से भाजपा विधायक शोभारानी कुशवाहा ने भी कांग्रेस जॉइन की और उन्हें यहीं से प्रत्याशी बनाया गया है।
संबंधित विषय:
Updated on:
4 Nov 2023, 7:13 AM IST
Published on:
4 Nov 2023, 7:13 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.