Rajya Sabha Election 2024 : जयपुर। भाजपा ने सोमवार को राजस्थान से राज्यसभा उम्मीदवार घोषित कर दिए। पार्टी ने चुन्नी लाल गरासिया (Chunni lal Garasiya) और मदन राठौर (Madan Rathore) को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने इस बार तय किया था कि जिस प्रदेश की राज्यसभा सीट होगी, उसी प्रदेश के नेता को राज्यसभा भेजा जाएगा। पार्टी ने राजस्थान में ऐसा ही किया। वर्तमान विधायकों की संख्या के आधार पर भाजपा दो सीट जीतने की स्थिति में है और पार्टी ने दो ही सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं। राजस्थान में राज्यसभा की 3 सीटों पर चुनाव होने हैं। पन्द्रह फरवरी नामांकन की अंतिम तिथि है।
जानिए कौन है चुन्नी लाल गरासिया
भाजपा की ओर से घोषित राज्यसभा उम्मीदवार एसटी वर्ग से आने वाले चुन्नी लाल गरासिया ( 71 ) उदयपुर ग्रामीण से दो बार विधायक रह चुके हैं। गरासिया राजस्थान सरकार में राज्यमंत्री रह चुके हैं। वे संगठन में कई पदों पर भी रह चुके हैं। गरासिया वर्तमान में प्रदेश उपाध्यक्ष है। चुन्नी लाल गरासिया का जन्म डूंगरपुर के डबली में हुआ। गरासिया ने शिक्षा स्नात्तक पूर्व (इन्टरमीडियेट), भूपाल नोबल्स महाविद्यालय उदयपुर की है।
जानिए कौन है मदन राठौर
ओबीसी वर्ग से आने वाले मदन राठौर (70) पाली जिले की सुमेरपुर विधानसभा सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं। पिछली भाजपा सरकार में वे सरकारी उप मुख्य सचेतक बनाए गए थे। इस बार उन्होंने फिर से टिकट मांगा था, लेकिन पार्टी ने टिकट नहीं दिया तो नाराज होकर निर्दलीय पर्चा भर दिया था। पार्टी नेताओं के समझाने के बाद राठौर ने पर्चा वापस ले लिया। राठौर आरएसएस से भी जुड़े रहे और पार्टी के विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। राठौर का जन्म पाली जिले के रायपुर में हुआ। उन्होंने स्नातक राजस्थान विश्वविद्यालय से किया है।