
Rajasthan Congress Candidate List : कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को 19 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी। इसमें 1 मंत्री रमेश मीणा सहित 13 विधायकों को टिकट दिए गए हैं। इनमें भाजपा से कांग्रेस में आई शोभारानी कुशवाह के अलावा 2 विधायक बसपा से और 1 निर्दलीय विधायक शामिल है। इस तरह कांग्रेस अब तक 95 सीटों पर उम्मीदवार उतार चुकी है। 105 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा होना अब शेष रह गया है।
कांग्रेस की तीसरी सूची में भी पहले की दो सूचियों की तरह ही ज्यादातर विधायकों को ही टिकट मिले हैं। सहाड़ा विधायक गायत्री देवी का टिकट काटा गया है। वहां परिवार में ही देवर राजेन्द्र त्रिवेदी को उम्मीदवार बनाया गया है। यहां टिकट को लेकर दोनों आमने-सामने थे। इसी तरह कांग्रेस में आए बसपा विधायक वाजिब अली को नगर और लाखन सिंह मीना को करौली से उम्मीदवार बनाया गया है। निर्दलीय रामकेश मीणा को गंगापुर से टिकट मिला है। निर्दलीय व बसपा से आए विधायकों को सियासी संकट में सरकार का साथ देने के लिए उपकृत किया गया है। भाजपा से निष्कासित चल रही विधायक शोभारानी कुशवाह को अब कांग्रेस ने धौलपुर से उम्मीदवार बनाया है।
धारीवाल, जोशी समेत आधा दर्जन मंत्री "टिकट इन वेटिंग"
कांग्रेस उम्मीदवारों की तीन सूची आ चुकी हैं, लेकिन अब तक आठ मंत्रियों को टिकट नहीं मिले हैं। इनमें कांग्रेस के छह मंत्रियों में शांति धारीवाल, महेश जोशी, हेमाराम चौधरी, लालचंद कटारिया, शाले मोहम्मद और जाहिदा खान के नाम हैं। सुभाष गर्ग सहयोगी दल राष्ट्रीय लोकदल से हैं और राजेन्द्र गुढ़ा बसपा से कांग्रेस में आए थे, जिन्हें पहले ही मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जा चुका है। हालांकि हेमाराम भी चुनाव नहीं लड़ने को लेकर आलाकमान को पत्र लिख चुके हैं। जबकि जोशी और धारीवाल, पार्टी का अनुशासन तोड़ने को लेकर नोटिस झेल चुके हैं।
यह भी पढ़ें : जल्द खत्म होगा भाजपा की तीसरी सूची का इंतजार, आज होगा मंथन
कांग्रेस के 102 में 67 को अब तक टिकट
प्रदेश में कांग्रेस के अभी 102 विधायक हैं। इनमें से अब तक 67 विधायकों को टिकट दिए जा चुके हैं। 35 विधायकों को अभी टिकट का इंतजार है। इसके अलावा कांग्रेस 7 निर्दलीय, 2 बसपा से आए और 1 भाजपा से आई विधायक को टिकट दे चुकी है।
अब तक 7 मुस्लिम को टिकट
कांग्रेस ने अब तक 7 मुस्लिम को उम्मीदवार बनाया है। तीसरी सूची में बसपा से आए वाजिब को टिकट मिला है। इसके अलावा दानिश अबरार, हाकम अली, अमीन कागजी, रफीक खान, नसीम अख्तर इंसाफ और जुबेर खान को पहले टिकट मिल चुका है।
यह भी पढ़ें : आज 5 घोषणाएं करेंगे, तय कर लें किन-किन पर छापे डालने हैं : सीएम गहलोत
1 और महिला को टिकट, अब तक 13
कांग्रेस ने तीसरी सूची में 1 और महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है। पहले की दो सूचियों में 12 महिलाओं को टिकट दिए गए थे। इस तरह अब तक 13 महिला उम्मीदवार पार्टी ने उतार दी हैं।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
27 Oct 2023, 8:49 AM IST
Published on:
27 Oct 2023, 8:39 AM IST
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़




