खास बात यह है कि पार्टी ने झोटवाड़ा से निर्दलीय नामांकन दाखिल करने वाले राजपाल सिंह शेखावत को मनाने की जिम्मेदारी पूर्व सीएम वसुंधरा राजे को सौंपी है। राजपाल को राजे के सबसे करीबी नेताओं में गिना जाता है। पार्टी ने इस बार राजे के तीनों करीबी राजपाल, अशोक परनामी और युनूस खान को टिकट नहीं दिया है। इसके अलावा भूपेन्द्र यादव को तिजारा, राजेन्द्र राठौड़ को चित्तौड़गढ़ सीट की जिम्मेदारी दे रखी है। प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर, वरिष्ठ नेता घनश्याम तिवाड़ी भी बागियों को जुटे हैं। इसके अलावा स्थानीय नेताओं और जिलाध्यक्षों के जरिए भी बागियों से संपर्क किया जा रहा है। कोर कमेटी के नेताओं के साथ प्रदेश के नेता भी जुट गए हैं। पार्टी अब तक चित्तौड़गढ़ सीट से निर्दलीय नामांकन भरने वाले विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या को मनाने को लेकर आक्या से बातचीत कर चुकी है। सांचौर से जीवाराम चौधरी, झोटवाड़ा से राजपाल सिंह शेखावत, कोटपूतली से मुकेश गोयल, शिव से रविन्द्र सिंह, शाहपुरा से कैलाश मेघवाल, खंडेला से बंशीधर बाजिया सहित अन्य बागी हुए नेताओं से भी बात करने का दावा किया जा रहा है।