
जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के उम्मीदवारों की दूसरी सूची आज दोपहर तक आएगी। पार्टी की ओर से कहा गया है कि आम जन के फीडबैक और कार्यकर्ताओं से रायशुमारी जारी है। दोपहर तक RLP की अगली सूची जारी होगी।
मालूम हो कि इससे पहले राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने 11 उम्मीदवारों की पहली सूची शुक्रवार रात को जारी की। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक हनुमान बेनीवाल और दो प्रमुख पूर्व विधायकों के नाम है। ऐसे में आरएलपी कुछ सीटों पर कांग्रेस-भाजपा के समीकरण बिगाड़ सकती है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधराम भाकल ने बताया कि खींवसर से हनुमान बेनीवाल, कोटपूतली से पूर्व विधायक रामस्वरूप कसाना, सिवाना से सताराम देवासी, बायतू से उम्मेदराम, शिव से उदाराम मेघवाल, चौहटन से सूरताराम मेघवाल, पीलीबंगा से नेहा मेघवाल, करौली से कुलदीप पाल सिंह जादौन, चौमूं से छुटन यादव, नवलगढ़ से पूर्व विधायक प्रतिभा सिंह और तिजारा से लक्ष्मी मेघवाल को उम्मीदवार बनाया है।
इस सूची में शामिल कसाना कोटपूतली से 2008 में विधायक चुने जा चुके हैं। उस दौरान वह अशोक गहलोत की सरकार में संसदीय सचिव भी रहे थे। पिछले चुनाव में वह निर्दलीय चुनाव लड़े थे और साढ़े 17 हजार वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे थे। प्रतिभा सिंह भी नवलगढ़ से विधायक रही हैं।
Published on:
17 Nov 2018 10:49 am
