Rajasthan Elections 2023 : जयपुर जिले के 19 विधानसभा क्षेत्रों में 14 नवम्बर से चल रही होम वोटिंग प्रक्रिया रविवार को खत्म हुई। जयपुर में 7 हजार 230 में से 6 हजार 970 पात्र मतदाताओं ने घर बैठे ही मतदान किया। वहीं 91 मतदाता अपने जीवन का अंतिम वोट नहीं दे पाए। मतदान दल जब होम वोटिंग के लिए मतदाताओं के घर पहुंचा तो उनके परिजन ने बताया कि उनकी मौत हो गई है। पहले चरण में 19 में से 18 विधानसभा क्षेत्रों में 169 मतदाता नहीं मिले। ऐसे अनुपस्थित मतदाताओं के घर पर अब दोबारा पोलिंग पार्टी 20 और 21 नवम्बर को जाकर उनका मतदान करवाएगी।
जयपुर जिला निर्वाचन अधिकारी प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि विधानसभा चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अनुपालना में 14 नवंबर से 19 नवंबर तक 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों एवं 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग श्रेणी के विशेष योग्यजन मतदाताओं को विधानसभा चुनाव के लिए घर पर मतदान करने की सुविधा दी गई।