Rajasthan Elections 2023 : राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 की वोटिंग को अब सिर्फ 21 दिन बाकी हैं। 25 नवम्बर को वोटिंग होगी। राजस्थान में सक्रिय सभी पार्टियां अपने उम्मीदवारों की लिस्ट लगातार जारी कर रहीं हैं। राजस्थान विधानसभा चुनाव की सबसे हॉट सीट कौन है। तो सभी एक सुर में कहेंगे कि, सरदारपुरा सबसे हॉट सीट है। इस हॉट सीट पर पिछले 25 साल से सीएम अशोक गहलोत कांग्रेस का परचम फहरा रहे हैं। पर इस बार मुकाबला बेहद रोचक होने जा रहा है। सभी पार्टियां सरदारपुरा सीट से अशोक गहलोत को चुनौती देने के लिए रणनीति बना रही है। भाजपा ने इस सीट को तो अपनी नाक का सवाल बना लिया है। साथ ही चर्चा में है कि अगर सरदारपुरा सीट जीती तो भाजपा चुनाव जीत जाएगी। इसलिए काफी मंथन के बाद अशोक गहलोत की भारी घेराबंदी की गई है।
गुरुवार को हॉट सीट सरदारपुरा से भाजपा ने महेंद्र सिंह राठौड़ को अपना उम्मीदवार बनाया है। इसके साथ पीपल्स ग्रीन पार्टी ने सरदारपुरा से डॉ.सुरैया बेगम को अपना उम्मीदवार बनाया है। सुर्खियों में चल रही है राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल भी अशोक गहलोत के खिलाफ उम्मीदवार खड़ा करने पर विचार कर रहे हैं। कहा जा रहा है आरएलपी किंग मेकर हो सकती है। इसके अतिरिक्त बसपा, जेजेपी, एआईएमआईएम भी सरदारपुरा से अपने उम्मीदवारों की घोषणा एक दो दिन में कर देंगी। क्योंकि 6 नवम्बर को नामांकन का अंतिम दिन है।