जयपुर/चौमूं/कालाडेरा। अपनी मांगों को लेकर रैली के रूप में जयपुर कूच कर रहे किसान नेता अमराराम सहित 24 किसानों को गिरफ्तारी के बाद बुधवार को चौमूं एसडीएम के समक्ष पेश किया। जहां से उन्हें 28 फरवरी तक न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। उधर, चौमूं थाना क्षेत्र से गिरफ्तार पूर्व विधायक पैमाराम सहित 59 किसानों को मंगलवार को ही न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया था। इनकी गिरफ्तारी के विरोध में किसानों में आक्रोश है। राजस्थान किसान परिषद ने इन सभी को बिना मुकदमा रिहा करने की मांग की है। गिरफ्तारी के बाद अमराराम को कालाडेरा थाने में ही रखा गया। सुबह कालाडेरा पुलिस थाने से कड़ी सुरक्षा के बीच सभी किसानों को रोडवेज बस में बैठाकर चौमूं लाया गया। गौरतलब है कि किसानों की मांगों पर सरकार के साथ हुए समझौते की शर्तों को लागू करवाने को लेकर अमराराम के नेतृत्व में मंगलवार को जयपुर कूच कर रहे किसानों को पुलिस ने जालसू से गिरफ्तार कर लिया था।