
File Photo
Gargi Protsahan Award Process: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के परीक्षा परिणाम आज से आना शुरू हो रहे हैं। आज कक्षा बारह के तीनों संकाय के परिणाम एक साथ शाम पांच बजे शिक्षा मंत्री मदन दिलावर की मौजूदगी में जारी किए जाएंगे। बारहवीं बोर्ड परीक्षाओं में इस बार करीब नौ लाख विद्यार्थी शामिल हुए हैं। इनमें अच्छे नंबर पाने वालों को सरकार की ओर से इनाम दिया जाएगा। लेकिन खासतौर पर ये इनाम बालिकाओं को दिए जाएंगे। इन इनाम में कैश प्राइज के अलावा अलग-अलग किश्त में पैसा देना भी शामिल है। दो तरह के पुरुस्कार हैं इनमें पहला गार्गी पुरुस्कार और दूसरा एकल-द्विपुत्री पुरुस्कार शामिल हैं। इस बारे में पूरी जानकारी नीचे है।
गार्गी पुरस्कार के तहत 10वीं में 75 फीसदी या उससे अधिक अंक लाने वाली छात्राओं को 11वीं में नियमित पढ़ाई करते रहने की स्थिति में पहली किस्त के रूप में 3 हजार रुपये मिलते हैं। वहीं प्रोत्साहन पुरस्कार के अंतर्गत 12वीं में योग्य बालिकाओं को 5 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की जाती है। महत्वपूर्ण दस्तावेजों में आवेदन फॉर्म, 50 रुपये के स्टैम्प पेपर पर शपथ पत्र, स्कूल से अनुशंसा पत्र, जन आधार कार्ड की प्रमाणित प्रति, बैंक पासबुक और आधार कार्ड शामिल हैं। साथ ही छात्रा का बैंक खाता आधार से लिंक होना अनिवार्य है। साल 2024 में इस पुरुस्कार को पाने वाली छात्राओं में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है। तीन लाख से भी ज्यादा छात्राएं आवेदन योग्य रही हैं।
एकल पुत्री पुरस्कार योजना के तहत पात्र छात्राओं को अलग से आवेदन करना होता है। इसमें सरकार की ओर से कटऑफ नंबर जारी किए जाते हैं। उन नंबर से ज्यादा अंक पाने वाली छात्राओं को पुरस्कार के रूप में कैश दिया जाता है। एकल पुत्री और द्विपुत्री योजना में दसवीं में सरकार की कटऑफ से ज्यादा नंबर पाने वाली छात्राओं को 31 हजार और बारहवीं में कटऑफ क्रॉस करने वाली छात्राओं को 51हजार दिए जाते हैं। ये इनाम दो पुत्रियों तक मान्य होता है। इसकी प्रक्रिया सरकार की वेबसाइट पर आसानी से देखी जा सकती है।
Updated on:
22 May 2025, 8:06 AM IST
Published on:
22 May 2025, 8:06 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.