
प्रतीकात्मक तस्वीर - पत्रिका
Jaipur News: जयपुर जिले के रेनवाल कस्बे में एक विवाहिता और उसके कथित प्रेमी के खिलाफ पति द्वारा हत्या की साजिश रचने का सनसनीखेज आरोप लगाए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़ित भंवरलाल ने स्थानीय पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी और लादूराम नामक युवक मिलकर उसे धीरे-धीरे ज़हर देकर मारने की कोशिश कर रहे थे।
भंवरलाल के अनुसार, यह घटना 22 जून की रात की है। रात करीब साढ़े 12 बजे वह सोया हुआ था, तभी कमरे में किसी की हलचल से उसकी नींद खुली। उसने देखा कि उसकी पत्नी आपत्तिजनक हालत में लादूराम के साथ कमरे में मौजूद थी। जब उसने विरोध किया, तो पत्नी ने गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की, जबकि लादूराम मौके से भाग निकला। पीड़ित के शोर मचाने पर घरवाले मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे बचाया गया। भंवर ने पुलिस को बताया कि झगड़ा कर पत्नी अलग कमरे में सोने चली गई थी। वह सुलह करने के लिए कमरे में गया तो वहां पर प्रेमी संग मिली।
भंवरलाल ने दावा किया कि लंबे समय से उसकी तबीयत खराब चल रही थी और उसे शक था कि पत्नी खाने.पीने में कुछ मिला रही है। घटना के बाद जब परिजनों के साथ कमरे की तलाशी ली गई, तो अलमारी से सफेद रंग का संदिग्ध पाउडर, कुछ नशीली गोलियां और सिरिंज बरामद हुईं। पीड़ित ने आरोप लगाया कि ये सभी चीजें उसे धीरे.धीरे जहर देने के लिए इस्तेमाल की जा रही थीं।
मामले की पड़ताल में यह भी सामने आया कि मार्च 2024 में पत्नी अपने प्रेमी लादूराम के साथ घर से भाग गई थी, जिसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज करवाई गई थी। हालांकि कुछ दिन बाद वह मायकेवालों के साथ वापस लौट आई थी। अब भंवरलाल ने पुलिस से मांग की है कि पत्नी और लादूराम के खिलाफ हत्या की साजिश, अवैध संबंध और घरेलू हिंसा जैसी धाराओं में कड़ी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच और जब्त सामग्री की फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
1 Jul 2025, 11:55 AM IST
Published on:
1 Jul 2025, 11:54 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.