
पंचायत चुनाव के चलते बदली कई भर्ती परीक्षाओं की तारीख। पत्रिका फाइल फोटो
जयपुर। राजस्थान में अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित पंचायतीराज चुनावों का असर भर्ती परीक्षाओं के शेड्यूल पर भी पड़ा है। चुनाव कार्यक्रम को देखते हुए राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने CET समेत 5 बड़ी भर्ती परीक्षाओं की तारीखों में बदलाव किया है। बोर्ड ने सोमवार को संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी कर अभ्यर्थियों को नई तारीखों के बारे में जानकारी दी है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब ये परीक्षाएं नवंबर 2026 से फरवरी 2027 के बीच होगी। बोर्ड अध्यक्ष आलोक राज ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे संशोधित परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार अपनी तैयारी और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं करें।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अनुसार टीचिंग एसोसिएट (संविदा आधारित) पदों के लिए सीधी भर्ती परीक्षा-2026 का आयोजन 17 नवंबर से 21 दिसंबर के बीच किया जाएगा। इसमें 32 विषयों की परीक्षाएं शामिल हैं। यह परीक्षा 17 नवंबर और 14, 17, 18 व 21 दिसंबर को एक पारी में परीक्षा होगी, जबकि 7, 9, 10, 11, 15, 16 दिसंबर को परीक्षा दो पारियों में होगी। समान पात्रता परीक्षा (सीनियर सेकेंडरी स्तर)-2026 अब 1 और 3 दिसंबर को होगी। दोनों ही दिन परीक्षा दो पारियों में आयोजित की जाएगी। होगी। वहीं समान पात्रता परीक्षा (स्नातक स्तर)-2026 का आयोजन 16, 17 और 18 जनवरी 2027 को प्रस्तावित है। 16 और 17 जनवरी को दो-दो पारियां होंगी, जबकि 18 जनवरी को सुबह की पारी में परीक्षा होगी।
इसके अलावा प्रयोगशाला परिचायक सीधी भर्ती परीक्षा-2025 25 जनवरी 2027 को एक पारी में आयोजित की जाएगी। कनिष्ठ अभियंता संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 का आयोजन 3 से 5 फरवरी 2027 तक प्रस्तावित है। यह परीक्षा प्रतिदिन एक पारी में होगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि टीचिंग एसोसिएट परीक्षा को कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट, टैबलेट बेस्ड टेस्ट विद ओएमआर शीट अथवा पेपर-पेन ओएमआर पैटर्न पर आयोजित किया जा सकता है। बोर्ड ने संबंधित विभागों से संशोधित परीक्षा तिथियों को ध्यान में रखते हुए अपने कार्यक्रम निर्धारित करने को कहा है, ताकि परीक्षा आयोजन तिथियों में टकराव की स्थिति उत्पन्न नहीं हो।
बता दें कि इससे पहले समान पात्रता परीक्षा (सीनियर सेकेंडरी स्तर)-2026 और समान पात्रता परीक्षा (स्नातक स्तर)-2026 के लिए 23 जून और 1 जुलाई 2026 को जारी विज्ञप्तियों के माध्यम से राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया था। इसके अलावा 17 जून प्रेस नोट भी जारी किया गया था। अब राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से अक्टूबर 2026 में नगर निकाय एवं पंचायतीराज चुनाव प्रस्तावित होने के कारण परीक्षा आयोजन प्रभावित होने की संभावना है। ऐसे में कर्मचारी चयन बोर्ड ने परीक्षाओं का संशोधित कार्यक्रम प्रस्तावित किया है।
Updated on:
29 Sept 2026 02:35 pm
Published on:
29 Sept 2026 02:35 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
