
जयपुर।
जयपुर कमिश्नरेट के करणी विहार थाना अंतर्गत एक परीक्षा सेंटर से कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की परीक्षार्थी ओएमआर शीट लेकर भाग गया। करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और उससे शीट बरामद कर ली। पुलिस पूछताछ में टोडाभीम निवासी आरोपी ने पेपर बिगडऩे पर शीट लेकर जाने की बात कबूली। वहीं झोटवाड़ा थाना अंतर्गत एक लड़की की जगह अन्य लड़की परीक्षा देने पहुंच गई। परीक्षा के दौरान बायोमैट्रिक मशीन से हाजिरी लेने के दौरान लड़की पकड़ी गई। हालांकि पकड़ी गई लड़की नाबालिग है।
करनी विहार में पेपर लेकर भागा अभ्यर्थी
करनी विहार थाना इलाके में स्थित अलंकार पीजी कॉलेज में दूसरी पारी में परीक्षा देने आए करौली, टोडाभीम के जगदीशपुरा निवासी संदीप जाटव शाम को पांच बजे प्रश्न-पत्र लेकर भाग खड़ा हुआ। देर रात तक पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी थी।
परीक्षा संपन्न, नकल के दर्जनभर आरोपी गिरफ्तार
पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में दूसरे दिन रविवार को भी पुलिस ने भारी इंतजाम और सुरक्षा के बीच परीक्षा संपन्न कराई। सुरक्षा के त्रिस्तरीय इंतजाम के बावजूद नकल गिरोह ने घुसपैठ की कोशिश की। करीब 14 लाख परीक्षार्थी में दर्जनभर अभ्यर्थी को नकल करने, अभ्यर्थी की जगह दूसरे से परीक्षा दिलाने जैसे मामलों में गिरफ्तार किया गया है।
राजधानी के एक परीक्षा केंद्र पर तो एक परीक्षार्थी प्रश्न पत्र लेकर भागने लगा, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। वहीं बाड़मेर में नकल गिरोह के पांच लोगों को पकड़ा और एसओजी ने आधा दर्जन को परीक्षा केंद्र के आस-पास संदिग्ध लगने पर पूछताछ के लिए पकड़ा है। शाम को छह बजते ही प्रदेशभर में पुलिस अधिकारियों ने शांतिपूर्वक परीक्षा संपन्न होने पर राहत की सांस ली।
अगस्त में जारी किए जाएंगे परिणाम
मुख्यालय एडीजी राजीव शर्मा ने बताया कि कांस्टेबल के लिए विज्ञापित 13 हजार 142 पदों के लिए दो दिनों में चार पारियों में आयोजित लिखित परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। किसी भी स्थान से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। प्रारम्भिक सूचना के आधार पर 75 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। लिखित परीक्षा का परिणाम अगस्त माह के मध्य में जारी किया जाएगा।
इंटरनेट बैन पर खेद
डीजीपी ओपी गल्होत्रा ने इंटरनेट सेवा स्थगित रखने से आमजन को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है। डीजीपी ने कहा कि नकल गिरोह आधुनिक तकनीक का दुरुपयोग करते हुए इंटरनेट के माध्यम से व्यापक स्तर पर परीक्षा में व्यवधान डाल सकते थे। इसलिए नेटबंदी की गई थी।
जिलों में कई परीक्षा केंद्र पर पेपर रिपीट
कोटा के अभ्यर्थियों ने परीक्षा पूर्ण होते ही आरोप लगाया कि सुबह की पारी में ही शाम का प्रश्नपत्र बांट दिया गया। इतना ही नहीं शाम को भी वही प्रश्नपत्र परीक्षा में दिया गया। इस तरह की शिकायतें और दूसरे जिलों से भी आई है।
विज्ञान वर्ग का रखा ख्याल
परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि प्रश्न-पत्र तैयार करने में बताए गए पाठ्यक्रम का ध्यान नहीं रखा गया। ज्यादातर प्रश्न विज्ञान वर्ग के विषयों से संबंधित थे, जबकि कला वर्ग के विषयों पर अछूता रखा गया।
Updated on:
16 Jul 2018, 8:23 AM IST
Published on:
16 Jul 2018, 7:19 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.