
गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली (File Photo)
राजस्थान में पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा की अध्यक्षता में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। जिसमें संगठनात्मक एवं ताजा मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जा रही है। साथ ही पार्टी के नए कार्यालय के निर्माण के लिए प्रदेश कार्यकारिणी से लेकर ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ताओं के लिए सहयोग राशि तय की जाएगी। बैठक से पहले कांग्रेस नेताओं ने मीडिया से बातचीत की।
पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि 'आज जहां मैं हूं कल कोई और था, मुझे क्या मिला यह महत्वपूर्ण नहीं। आने वाले कल कोई दूसरा फिर तीसरा होगा। लेकिन मैं एक मजबूत संगठन का गठन करना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि मैं अभी विधानसभा नहीं जाऊंगा। जिस दिन मैं विधानसभा जाने का फैसला करूंगा, उस दिन मीडिया में सारी बातें रखूंगा।'
प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि 'हमारा कितना भी बड़ा नेता हो अगर वह दूसरी पार्टी के साथ मिलीभगत करेगा तो उसके खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हमारे अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के ऊपर स्पीकर ने जो टिप्पणी की, उसके बाद डोटासरा ने विधानसभा नहीं जाने का फैसला लिया है। मैं और मेरी पूरी पार्टी डोटासरा के इस फैसले के साथ है।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मीडिया से बातचीत कर संसदीय कार्यमंत्री के कांग्रेस में भूचाल आने के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का भूचाल बीजेपी का सफाया करेगा। आने वाले टाइम में बीजेपी की बैंड बजेगी, जो काम बीजेपी कर रही है। वह जनता के सामने आ चुका है। कांग्रेस मजबूती से काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में AICC के सचिव और जिला अध्यक्षों की मीटिंग है। जिसमें काम की समीक्षा होगी। काम करने वालों को मौका मिलेगा और जो साइलेंट बैठे हैं, उनकी छुट्टी होगी। यह भूचाल ही है, जो बीजेपी का सफाया कर देगा।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक तोतूका भवन में हो रही है। पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पीसीसी प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, सचिन पायलट, पूर्व स्पीकर डॉ. सीपी जोशी, सह प्रभारी चिरंजीवी राव, पीसीसी पदाधिकारी बैठक में मौजूद है।
Updated on:
16 Mar 2025, 4:06 PM IST
Published on:
16 Mar 2025, 4:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.