जयपुर। रोडवेज के विभिन्न संगठनों के संयुक्त मोर्चा की ओर से प्रदेशभर में बुधवार से दो दिन का रोडवेज बसों के चक्काजाम से प्रदेश के विभिन्न बस स्टैंड से चार हजार से अधिक बसों का संचालन रुक गया और यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। इससे राज्य पथ परिवहन निगम को प्रतिदिन लगभग 5 करोड़ 32 लाख रुपए का आर्थिक नुकसान होगा। वहीं, राजधानी जयपुर में केंद्रीय बस स्टैंड सिंधी कैंप से भी बुधवार को करीब 1400 रोडवेज बसों के पहिए थम गए। चालक, परिचालक और मैकेनिकल कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। सिंधी कैंप स्टैंड पर लगभग 35 लाख रुपए प्रतिदिन का नुकसान संभावित हैं। यहां रोडवेज के श्रमिक संगठनों के संयुक्त मोर्चा का धरना प्रदर्शन जारी है। इस बीच निजी बस संचालक इस मौके का फायदा उठा रहे हैं और यात्रियों को अधिक किराया देना पड़ रहा है।