
जयपुर।
राजस्थान यूनिवर्सिटी में परीक्षा का आयोजन हो या परीक्षा परिणाम का मामला, कई बार गड़बड़ियां सामने आ चुकीं हैं। एक बार फिर इसी तरह की कारगुज़ारी सामने आई है। दरअसल, राजस्थान यूनिवर्सिटी में सोमवार को एमबीए द्वितीय सेमेस्टर में हूबहू पिछली साल का पेपर आया। इसे देखकर परीक्षा में बैठे विद्यार्थी भी चौंक गए।
जानकारी के मुताबिक़ प्रश्नों की भाषा व अंक दोनों ही समान थे। यह मामला एमबीए द्वितीय सेमेस्टर का बिजनेस रिसर्च एंड डेटा एनालिटिक्स के पेपर में सामने आया।
इस विषय के पिछले सत्र 2017-18 के पेपर में जो सात प्रश्न आए थे, वे ही इस बार छपे थे। अंतर केवल इतना था कि जो सवाल पिछली बार पहले नंबर पर आया, वह इस बार अंतिम प्रश्न बना। इसके अलावा कोई बदलाव नहीं था।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. वी.के. गुप्ता ने बताया कि पेपर के दुबारा आने का मामला अभी तक सामने नहीं आया है। अगर इस प्रकार की कोई शिकायत आती है तो इसे ग्रीवेंस कमेटी को भेजा जाएगा।
... इधर नीट आंसर की पर उठे सवाल
चिकित्सक बनने के सपने पर केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की आंसर की बाधा बन रही है। विषय के विशेषज्ञों ने आंसर की पर सवाल उठा दिए हैं। 14 सवाल एेसे हैं, जिनके उत्तर एफएफ कोड वाली आंसर की में अलग हैं, जबकि एचएच कोड वाली आंसर की में अलग हैं।
मेडिकल और डेंटल कॉलेज में प्रवेश के लिए सीबीएसई की ओर से नीट का आयोजन 6 मई को करवाया गया था। 25 मई को इसकी आंसर की जारी की गई। पांच जून को परिणाम जारी किया जाएगा। विद्यार्थियों ने बताया कि एफएफ कोड वाले पेपर में जो सवाल नौ नंबर पर है वही सवाल एचएच कोड वाले पेपर में 165 नंबर पर है, लेकिन दोनों के ही सही जवाब अलग-अलग हैं।
इसी प्रकार एफएफ कोड के पेपर में प्रश्न संख्या 19 है, यही प्रश्न एचएच कोड वाले पेपर में 157 नंबर पर है, जबकि इनकी एक उत्तर कुंजी में सही जवाब 'फोरमेशन ऑफ इन्टरा मोलेकुलर एच बोन्डिग' तथा दूसरी उत्तर कुंजी में सही जवाब 'फोरमेशन ऑफ इन्टर मोलेकुलर एच बोन्डिग' है। एफएफ कोड में जो प्रश्न 74 नंबर पर है वही प्रश्न एचएच कोड वाले पेपर में 88 नंबर पर है। सवाल समान है, जबकि दोनों के उत्तर अलग-अलग हैं।
एफएफ कोड में एक सवाल 140 नंबर है, यही सवाल एचएच कोड में यही सवाल 7 नंबर पर है। एक उत्तर कुंजी में सवाल का जवाब 30 सीएम अवे फ्रोम द मिरर लिखा है तो दूसरी आंसर की में 36 सीएम अवे फ्रोम द मिरर लिखा हुआ है।
एफएफ कोड में जो सवाल 141 नंबर पर है वही सवाल एचएच कोड के पेपर में छह नंबर पर है। इस समान सवाल का एक आंसर की में जवाब 'माइनस जेड डाइरेक्शन' सही है तो दूसरी आंसर की में सही जवाब 'प्लस जेड डाइरेक्शन' है। इनके अलावा एचएच कोड वाले पेपर में जो सवाल 179 नंबर पर है वही सवाल एफएफ कोड में 45 नंबर पर अंकित है। एक आंसर की में उसका जवाब 'डी जेड 2 के लिए एम का मान शून्य है' सही लिखा है, जबकि दूसरी आंसर की में इस सवाल का सही जवाब 'द इलेक्ट्रोनिक कॉन्फ्रीगेसन आफ एन एटॉम' माना गया है।
Updated on:
29 May 2018 10:30 am
Published on:
29 May 2018 10:28 am
