Vivekananda Scholarship Scheme : राजस्थान में विदेश में शिक्षा का सपना देख रहे छात्रों को अब सरकार की विवेकानंद स्कॉलरशिप योजना से धोखा मिल रहा है। कॉलेज आयुक्तालय की ओर से सत्र 24-25 के आवेदन तो मांग लिए, लेकिन अभी तक योजना में चयनितों की सूची जारी नहीं हो पाई है। इसका असर विदेश में शिक्षा का इंतजार कर रहे छात्रों पर पड़ रहा है। छात्रों ने यूनिवर्सिटी में प्रवेश तो ले लिया, लेकिन सूची जारी नहीं होने के कारण छात्र स्कॉलरशिप से वंचित हो रहे हैं। आलम यह है कि छात्रों के सेशन लेट हो रहे हैं। दो सेशन निकल जाने के बाद छात्र यूनिवर्सिटी से दो बार डेफर लेटर मांग चुके। अब कॉलेज आयुक्तालय की ओर से सूची जारी नहीं होने के कारण छात्र तीसरी बार यूनिवर्सिटी से डेफर मांग रहे हैं, लेकिन यूनिवर्सिटी हाथ खड़े कर रही है। इससे छात्रों का भविष्य अधर में है।