
जयपुर। प्रदेश में शीतलहर का दौर शुरू होते ही पारा भी गोते लगाने लगा है। बीती रात शेखावाटी अंचल माउंटआबू से ज्यादा सर्द रहा और रात में पारा जमाव बिंदू से नीचे लुढ़क गया। जिसके चलते खेत खलिहानों में सुबह बर्फ की हल्की चादर बिछी नजर आई। राजधानी जयपुर में इस सीजन में बीती रात सबसे सर्द रही और गलनभरी सर्दी से लोग बेहाल रहे।
जयपुर जिले में भी बीती रात सीजन की सबसे सर्द रात रही। हालांकि रात में पारा 0.4 डिग्री गिरकर 8.0 डिग्री सेल्सियस रहा लेकिन शहरवासी गलनभरी सर्दी से बेहाल रहे। जिले के बाहरी इलाकों में भी पारे में आई गिरावट के कारण हाड़कंपाने वाली सर्दी का असर रहा। जिले के जोबनेर कस्बे में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दौसा जिला भी अब शीतलहर की चपेट में आ गया है। जिले का आज न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। ग्रामीण इलाकों में लोग सर्दी से बचाव के लिए अलाव का सहारा लेने लगे हैं।
प्रदेश के 17 जिलों में आज शीतलहर चलने और दिन व रात के तापमान में गिरावट होने का अलर्ट मौसम विभाग ने दिया है। अजमेर, अलवर, बारां, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, कोटा, सीकर, उदयपुर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर और पाली जिले में अगले तीन दिन शीतलहर चलने व पारे में गिरावट होने की चेतावनी मौसम केंद्र ने दी है। प्रदेश में अगले 4-5 दिनों तक शीतलहर चलने पर सर्दी के तेवर तीखे रहने का अनुमान है। आज प्रदेश के 17 जिलों में शीतलहर का दौर जारी रहने की आशंका है। हालांकि कुछ जिलों में अगले 24 घंटे बाद शीतलहर से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है।
सीकर 1.5, चूरू 1.8, संगरिया 2.5, पिलानी 2.8, माउंटआबू 3.0, करौली 3.3, सिरोही 3.3, अंता बारां 5.0, अलवर 5.0, डबोक 5.6, श्रीगंगानगर 5.2, भीलवाड़ा 5.6, धौलपुर 6.4, जैसलमेर 7.4, जालोर 7.6, कोटा 7.7 जयपुर 8.0, अजमेर 8.2, डूंगरपुर 8.8, फलोदी 10.2, जोधपुर 10.5 और बाड़मेर में 10.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
Updated on:
11 Dec 2024, 10:17 AM IST
Published on:
11 Dec 2024, 10:17 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.