
कांग्रेस हाई कमान के साथ हुई बैठक के बाद अशोक गहलोत और सचिन पायलट
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कांग्रेस हाई कमान के साथ हुई अशोक गहलोत और सचिन पायलट की बैठक के बाद ट्वीट कर कहा कि मैं तो वो ही खिलौना लूंगा, मचल गया दीना का लाल, की तर्ज पर किस्सा कुर्सी के खेल का खिलौना किसको मिलेगा, यह दूर की कड़ी है।
राठौड़ ने कहा कि नौंवी बार फिर उसी भाव भंगिमा में दोनों नेता दिख रहे हैं। वो ही आलाकमान, वो ही किरदार और हर बार की तरह इस बार भी नतीजा शून्य ही आएगा क्योंकि कांग्रेस के इन दोनों नेताओं में जारी मनभेद का कोई इलाज आलाकमान के पास भी नहीं है। राठौड़ ने कहा कि हर बार को भांति इस बार भी दोनों नेताओं के खिलखिलाते चेहरों के पीछे का असली रंग चुनाव के नजदीक आते साफ दिख जाएगा।
आपको बता दें कि पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने सोमवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उनके पूर्व डिप्टी सचिन पायलट के साथ मैराथन चर्चा की। राजस्थान में चल रही नेतृत्व की लड़ाई के बीच कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उनके पूर्व डिप्टी सचिन पायलट ने आगामी विधानसभा चुनाव एकजुट होकर लड़ने पर सहमति जताई है और पार्टी आलाकमान द्वारा हल किए जाने वाले सभी मुद्दों को छोड़ दिया है।
Updated on:
30 May 2023, 2:40 PM IST
Published on:
30 May 2023, 2:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.