
राजस्थान मौसम अपडेट (फोटो-पत्रिका)
जयपुर। मौसम विभाग ने राजस्थान के 7 जिलों में आज भी बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। साथ ही बताया कि अब कुछ दिनों के लिए राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में विराम लग सकता है, क्योंकि बिहार से शुरू हुआ कम दाब वाला सिस्टम उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश होते हुए राजस्थान पहुंचा था, जो अब कमजोर हो गया है।
मौसम विभाग ने जैसलमेर, बाड़मेर, जोधपुर, नागौर, अजमेर, पाली और टोंक जिलों में बारिश की तात्कालिक चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इन जिलों में 3 घंटे के अंदर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज हो सकती है।
मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के ऊपर बना अवदाब (Depression) आज 20 जुलाई को कमजोर होकर WML में परिवर्तित हो चुका है। मौजूदा समय में यह दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान व आसपास के पाकिस्तान क्षेत्र के ऊपर अवस्थित है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि जैसलमेर और पश्चिमी राजस्थान के आसपास के क्षेत्र को छोड़कर शेष अधिकांश भागों में भारी बारिश से राहत की प्रबल संभावना है। राजस्थान में एक बार फिर सप्ताह भर बाद 27-28 जुलाई से बारिश का नया दौर शुरू होगा। फिलाहाल, एक सप्ताह के लिए बारिश में भारी कमी हो सकती है।
पिछले 24 घंटो की बात करें तो राजस्थान के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम, कुछ स्थानों पर भारी व एक दो स्थानों पर भारी से अतिभारी बारिश दर्ज की गई। सर्वाधिक बारिश माउंट आबू (सिरोही ) में 145.0 मिमी. दर्ज हुई है।
Updated on:
20 Jul 2025, 5:10 PM IST
Published on:
20 Jul 2025, 4:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.