कृषि पशुपालन में 5750 भर्तियां
कृषि एवं पशुपालन में कुछ पदों के लिए भर्ती आयोगों को अभ्यर्थना भेजने के साथ ही कुछ पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कृषि मंत्री डॉ. प्रभुलाल सैनी ने बताया कि कृषि विभाग में कुल 2420 पदों पर भर्तियां होंगी। इनमें से 1288 पदों के लिए वित्त विभाग ने मंजूरी दे दी है। इनमें कृषि पर्यवेक्षक के एक हजार बियासी पदों के लिए भर्ती की जाएगी। इसके लिए राजस्थान अधीनस्थ एवं मंत्रालयिक सेवा चयन बोर्ड को अभ्यर्थना भेज दी गई है। जबकि 750 पदों के लिए वित्त विभाग से पहले ही अनुमति मिल गई थी। कृषि मंत्री ने बताया कि पशुपालन विभाग में करीब 3100 पदों पर भर्तियां होंगी। इनमें पशुधन सहायकों के 2077 पदों पर भर्ती होगी। इसके साथ ही पशुचिकित्सकों के 900 पदों के लिए भी भर्ती होगी। इसके लिए भर्ती नियमों में कुछ बदलाव किए गए हैं। मत्स्य विभाग में एफडीओ, एएफडीओ, इंस्पेक्टर और फिशरमैन के कुल 176 पदों पर भर्तियां होंगी। भर्तियों के लिए आरपीएससी और अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड को अभ्यर्थना भिजवाने की प्रक्रिया जारी है।