4 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर हटवाड़ा बाजार में मोबाइल चोरों का आतंक, आरोपी CCTV में कैद, 90 दिन में भी नहीं पकड़े चोर

Jaipur Mobile Theft: जयपुर शहर में महेश नगर 80 फीट रोड पर हर गुरुवार को लगने वाले 'हटवाड़ा बाजार' में हुई मोबाइल चोरी की बड़ी वारदात को तीन महीने बीत चुके हैं, लेकिन महेश नगर थाना पुलिस की जांच 'सीसीटीवी फुटेज' से आगे नहीं बढ़ पाई है।

2 min read
Google source verification
महेश नगर पुलिस थाना, पत्रिका फाइल फोटो

महेश नगर पुलिस थाना, पत्रिका फाइल फोटो

Jaipur Mobile Theft: जयपुर शहर में महेश नगर 80 फीट रोड पर हर गुरुवार को लगने वाले 'हटवाड़ा बाजार' में हुई मोबाइल चोरी की बड़ी वारदात को तीन महीने बीत चुके हैं, लेकिन महेश नगर थाना पुलिस की जांच 'सीसीटीवी फुटेज' से आगे नहीं बढ़ पाई है। 5 फरवरी को एक ही दिन में दर्जनभर मोबाइल पार करने वाला गिरोह आज भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। जबकि स्थानीय लोग वारदात के बाद से दहशत में हैं।

एक ही दिन में 12 से ज्यादा वारदातें

उस गुरुवार चोरों ने ऐसा आतंक मचाया कि 80 साल के बुजुर्ग से लेकर युवाओं तक, किसी को नहीं छोड़ा। महज कुछ घंटों में 12 से ज्यादा वारदात हुईं और शाम तक थाने में पीड़ितों की लंबी कतार लग गई थी। व्यापारियों का कहना है कि दर्ज मामलों से कहीं अधिक मोबाइल चोरी हुए थे। मामले में कई पीड़ितों ने तो पुलिस थाने में केस ही दर्ज नहीं कराया।

फुटेज में दिख रहे बदमाश, फिर देरी क्यों?

घटना के तुरंत बाद पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिल गए थे, जिनमें संदिग्ध युवक साफ नजर आ रहे हैं। इसके बावजूद तीन महीने तक गिरफ्तारी न होना पुलिस की गश्त और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवालिया निशान लगाता है।

जल्द खुलासे का दावा

स्थानीय लोगों का आरोप है कि साप्ताहिक बाजार में पर्याप्त पुलिस बल नहीं होने का फायदा अपराधी उठा रहे हैं। हालांकि पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

स्टूडेंट्स को पैसों से ज्यादा नोट्स का नुकसान

कई पीड़ित स्टूडेंट्स ने बताया कि मोबाइल चोरी होने से उन्हे पैसों से ज्यादा मोबाइल में नोट्स खोने का दुख है। ऑनलाइन क्लास और नोट्स की पाठ्य सामग्री खोने से अब उन्हे दोहरी मार का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल फोन मिलने पर भी उसमें स्टोर मेटेरियल और डेटा सुरक्षित मिल जाएगा इसकी कोई गारंटी नहीं है।

व्यापारियों ने लिया स्टे, पुलिस ने गश्त बढ़ाई

महेश नगर इलाके में हर गुरुवार को हाट बाजार लगने से ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा जाती है। स्थानीय लोगों ने इस बारे में प्रशासन को कई बार अवगत कराया लेकिन प्रशासन का कहना है कि हाट व्यापारियों ने कोर्ट से स्टे ले रखा है। जिसके कारण उनके खिलाफ कोई कार्रवाई करना संभव नहीं है। हालांकि महेश नगर थाना पुलिस ने बीते गुरुवार को बाजार क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाकर ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के इंतजाम किए हैं।