पत्रिका न्यूज नेटवर्क/जयपुर। महारानी कॉलेज के छात्रसंघ कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम में अचानक हुई मारपीट से वहां मौजूद छात्राएं घबरा गईं। कार्यक्रम में पंजाबी गायक अखिल को सुनने के लिए सुबह 9 बजे से हजारों लड़कियां इंतजार कर रही थीं। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के भाषण के दौरान लड़कियों ने दो-तीन बार गायक के लिए हूटिंग भी कर दी। भाषण खत्म होते ही गायक को आना था, लेकिन उससे पहले ही हंगामा हो गया। मंच पर मारपीट देख अफरा-तफरी मच गई। छात्राओं को संभालने की जिम्मेदारी कुलपति राजीव जैन और प्रिंसिपल मुक्ता अग्रवाल पर थी, वे ही हंगामा होते ही चुपचाप निकल गए। कुलपति अपनी गाड़ी में बैठ राजस्थान विश्वविद्यालय में आ गए और प्रिंसिपल अपने कक्ष में चली गईं। काफी देर तक वे बाहर नहीं निकलीं। हंगामे के बीच वहां कोई शिक्षक भी मौजूद नहीं था। ऐसे में छात्राएं धीरे-धीरे अपने घर के लिए रवाना हो गईं। हालांकि, स्थिति सामान्य करने के लिए करीब एक घंटे बाद गायक को वहां बुलाया गया। उसने पांच मिनट में एक गाना गाया और रवाना हो गया।