
Silver Price: चांदी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, 6 दिन में 4800 रुपए चढ़ी... फिर पार किया 77 हजार का आंकड़ा
इस हफ्ते सोने-चांदी के दामों में शानदार तेजी देखने को मिली है। चांदी की कीमतों में तो रिकॉर्ड तोड़ तेजी दर्ज की गई। इसके दाम हर बीतते दिन के साथ नई ऊंचाई पर पहुंच गए। एक और जहां सोना 61 हजार रुपए प्रति दस ग्राम के करीब है, तो वहीं चांदी के दाम होश उड़ाने वाले हैं। चांदी की कीमत एक बार फिर 77 हजार रुपए प्रति किलो का आंकड़ा पार कर गई। सोने के दाम सोमवार को 60,150 रुपए पर खुले थे, जो सप्ताह के अंत में 60,950 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गए। इसके दामों में 800 रुपए की तेजी दर्ज की गई। जयपुर सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी के इस हफ्ते चांदी में 4800 रुपए की तेजी देखने को मिली है। इस हफ्ते की शुरुआत में ये 72,650 रुपए पर थी, जो अब 77,450 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है। यानी इस हफ्ते इसकी कीमत 4800 रुपए बढ़ी है।
65 हजार तक जा सकता है सोना
जयपुर सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी के अध्यक्ष कैलाश मित्तल के मुताबिक, सोने में 2020 से शुरू सुपर साइकिल अब भी जारी है। इस साल सोना 62,000 तक पहुंचने का अनुमान था, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में ये 64,000 तक पहुंच सकता है। शेयर बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के कारण सोने को सपोर्ट मिल रहा है। इसके चलते इस साल के आखिर तक सोना 65 हजार रुपए प्रति दस ग्राम तक जा सकता है।
इस साल 90 हजार तक पहुंच सकती है चांदी
मित्तल का अनुमान है कि इस साल चांदी 90 हजार रुपए किलो तक जा सकती है। इंडस्ट्रियल डिमांड बढ़ने और सोने की कीमतें ज्यादा होने से भी चांदी की कीमतों में उछाल आ रहा है। सिल्वर ईटीएफ आने से चांदी में निवेश के विकल्प बढ़ने के भी आसार है।
Updated on:
17 Jul 2023, 10:15 AM IST
Published on:
16 Jul 2023, 2:43 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.