1 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

शाहपुरा हादसे में गर्भस्त शिशु समेत अब तक 14 की मौत, मृतक आश्रितों को 10-10 लाख का मुआवज़ा

इस दर्दनाक हादसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 14 हो गया है। इसमें एक गर्भस्त शिशु भी शामिल है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Nakul Devarshi

•

Updated: 1 Nov 2017, 8:32 AM IST

shahpura transformer blast

जयपुर।

शाहपुरा के खातोलाई इलाके में स्थित गुर्जरों की ढाणी में मंगलवार शाम ट्रांसफॉर्मर फटने के कारण हुए हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ती जा रही है। ताज़ा जानकारी के मुताबिक़ इस दर्दनाक हादसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 14 हो गया है। इसमें एक गर्भस्त शिशु भी शामिल है। मंगलवार देर रात तक मृतकों में एक नवजात एवं दो बच्चों सहित कुल 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो पाई थी। हादसे में घायल कुछ और लोगों की भी हालत गंभीर बताई जा रही है जिनका इलाज जारी है।

ट्रांसफॉर्मर फटने से एक बच्ची समेत पांच महिलाओं की तो मौके पर ही मौत हो गई। करीब एक दर्जन से अधिक झुलसे लोग एसएमएस अस्पताल पहुंचे, जिनमें से तीन महिलाओं ने इलाज के दौरान रात को दम तोड़ दिया। दरअसल, ये हादसा तब हुआ जब गांव में एक शादी समारोह के तहत कार्यक्रम चल रहा था। शादी की खुशियां अचानक से मातम में तब्दील हो गई और चारों ओर चीख-पुकार ही सुनाई देने लगा।

अफरा-तफरी का माहौल, प्रदर्शन भी
उधर, हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। आसपास के गांवों और ढाणियों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे और प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान मृतकों के परिजनों को २० लाख रुपए की आर्थिक मदद और आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर मृतकों के शव नहीं उठाए गए। शाम को सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को १० लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई, जिसके बाद परिजनों ने शव मौके से उठाए।

एसएमएस में इलाज जारी
देर रात तक एसएमएस अस्पताल में 15 घायलों का इलाज जारी था। वहीं, कुछ घायल स्थानीय अस्पताल में भर्ती है। मौके पर दम तोड़ चुकी महिलाओं का पोस्टमार्टम बुधवार को निम्स अस्पताल में होगा। जबकि तीन अन्य का एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम होगा।

दो बेटियों की थी शादी...भात की थी तैयारी
स्थानीय लोगों ने बताया कि गुर्जरों की ढाणी निवासी भैरूराम गुर्जर की दो बेटी तारा व मीरा की देवउठनी के अबूझ सावे पर शादी थी। दोपहर को भैरूराम के ससुराल पक्ष के लोग खोरी से भात भरने आए थे। इस दौरान उन्हें स्वागत द्वार पर स्वागत कर घर के बाहर लगे शामियाना में लाया जा रहा था कि पास ही लगा ट्रांसफॉर्मर धमाके के साथ फट गया।

ऑयल के फव्वारों से चारों तरफ आग
ट्रांसफॉर्मर से निकले ऑयल के फव्वारों से चारों तरफ आग जल उठी, जिससे बच्चों सहित कई झुलस गए। पुलिस ने बताया कि चेहरे बुरी तरह से झुलसने व परिजनों की हालत ठीक नहीं होने से अभी तक मृतकों की शिनाख्त पूरी तरह से नहीं हो सकी है। हादसे के चलते देर रात तक बारात नहीं आई।

नहीं बचा सके गर्भवती महिला के नवजात को
शाहपुरा हादसे में घायल हुए एक महिला धूरी नौ माह की गर्भवती है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। गर्भवती महिला के नवजात को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन चिकित्सक नवजात को नहीं बचा पाए।

मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री पहुंचे एसएमएस
घायलों की जानकारी लेने के लिए मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सर्राफ आदि अस्पताल पहुंचे और घायलों की जानकारी ली।