बांसवाड़ा. Rajasthan Assembly Election 2023 : कुशलगढ़ से बांसवाड़ा पहुंचा तो रात के नौ बज चुके थे। इसलिए होटल में विश्राम के बाद अगले दिन अलसुबह ही शहर भ्रमण की तैयारी की। सिटी सेंटर से करीब 18 किलोमीटर दूर माही बजाज सागर बांध स्थित है। यहां जाते समय मन में उसकी सुंदरता की अनगिनत तस्वीरें उभर चुकी थीं, जो वहां पहुंचते ही धूमिल हो गईं। सीना ताने बांध खड़ा था। रास्ते में न तो कोई साइनबोर्ड था और न ही कोई ऐसा आकर्षण जो पर्यटकों को अपनी ओर खींच सके। जिस बांध की चर्चा इस चुनावी यात्रा में तकरीबन हर विधानसभा में थी, वह खुद बदहाल था। जो बांध क्षेत्र पर्यटन के लिए मॉडल बन सकता था, उसे ही सर्जरी की जरूरत महसूस हुई। बांध के पास कार को पार्क करने के बाद 215 सीढिय़ां चढ़ मैं ऊपरी हिस्से पर पहुंचा। वहां गिनती के दो लोग थे। एक श्रमिक और दूसरा सुरक्षाकर्मी। पूछने पर पता चला कि माही से अभी बांसवाड़ा शहर और आस-पास की लगभग एक दर्जन ग्राम पंचायतों को पानी की आपूर्ति हो रही है। कुछ क्षेत्रों के लिए पाइपलाइन बिछाई जा रही है। बरसात के दिनों में माही गुजरात की भी प्यास बुझाता है।